
Ranchi/Latehar: जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय लातेहार जिला में फैली व्याप्त भ्रष्टाचार और जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी बरेलिया की ओर से किये जा रहे अवैध वसूली की शिकायत क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक लातेहार को किया गया है. उन्हें यह शिकायत डीएसई लातेहार के अधिकारिक मेल से की गयी है. यह डीएसई कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर अली अख्तर की ओर से क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक को भेजी गयी है. इस मेल में शिकायत करते हुए कहा गया है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी बरेलिया अपने कार्यालय में कार्यरत विभिन्न निम्न और वरीय अधिकारियों के माध्यम से वसूली करती हैं.
इसे भी पढ़ें : स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर सीएम हेमंत, राजेश ठाकुर व रामेश्वर उरांव ने जताया शोक
69 लोगों की सूची भी सौंपी
शिकायतकर्ता ने अपने संलग्न पत्र में बताया है कि इस कार्यालय में वेतन जारी करने समेत तमाम तरह के काम के लिए पैसे लिए जाते हैं. मेल के साथ शिकायतकर्ता ने 69 लोगों की सूची भी क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक लातेहार को भेजी है. जिसमें बताया गया है कि किस व्यक्ति से किस काम के एवज में पैसे लिए गये हैं. इस सूची में लातेहार प्रखंड के 41, मनिका प्रखंड के 06, गारू प्रखंड के 03, बरियातू प्रखंड के 05, चंदवा प्रखंड के 06, महुआडांड प्रखंड के 02 और हेहरगंज प्रखंड के 01 व्यक्ति का नाम दिया गया है जिनसे काम करने के एवज में पैसे लिए गये हैं.
एक दिन के वेतन जारी करने के लिए लिए 50 हजार
शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराये गये पेपर में बताया गया है कि लातेहार प्रखंड के मध्य विद्यालय चंदनडीह की शिक्षिका का एक दिन का वेतन चालू करने के लिए 50 हजार रुपये लिए गये. इसी तरह उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुबिद की शिक्षिका को कारणपृच्छा से मुक्त करने के एवज में 50 हजार रुपये लिए गये. उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय इचाक के शिक्षक का एक दिन का ईएल ग्रांट करने के एवज में पांच हजार रुपये लिए गये हैं. न्यूज विंग को मिली लिस्ट के मुताबिक पीएफ से लोन लेने, मातृत्व अवकाश, लंबित वेतन भुगतान, प्रोन्नति का फिक्सेसन करने जैसे काम के लिए पैसे लिए गये हैं. केवल पीएफ से लोन लेने की स्वीकृति देने के लिए 40 से अधिक शिक्षकों से पैसे लिए गये. इनसे 25 सौ से 10 हजार रुपये तक लिए गये हैं.
इसे भी पढ़ें : मेरी आवाज ही पहचान है गर याद रहे




