
Akshay Kumar Jha
Ranchi: सरयू राय बनाम सीएम रघुवर दास मामले में रोज ही कोई ना कोई नया अपडेट मिल रहा है. सरयू राय की शिकायतों को शायद केंद्र ने गंभीरता से लिया है. बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव राम लाल गुरुवार यानि कल रांची पहुंचने वाले हैं. पुख्ता सूत्रों के मुताबिक राज्य के कुछ मंत्रियों को बीजेपी कार्यालय की तरफ से फोन किया गया है. उन्हें हर हाल में गुरुवार शाम को सीएम आवास पर हाजिर रहने को कहा गया है. बताया जा रहा है कि इस बैठक का मुख्य एजेंडा सरयू राय और सीएम रघुवर के बीच चल रही तनातनी है. माना जा रहा है कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव राम लाल को बीच का रास्ता निकालने का टास्क दिया है. इस बैठक के बाद निश्चित तौर पर दोनों दिग्गजों के बीच चल रहे तनाव में ठहराव आने की उम्मीद है.
सुर्खियों में छाया है मामला
कुछ मामलों पर सरयू राय ने लगातार सरकार और रघुवर दास को चिट्ठी लिखी थी, लेकिन किसी तरह की कोई कार्रवाई ना होता देख, उन्होंने अपनी बात राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को एक पत्र के जरिए बताया. जिसके बाद बीजेपी में बवाल मचा हुआ है. पार्टी के प्रवक्ता की तरफ से सरयू राय के खिलाफ बयानबाजी के बाद मंत्री सरयू राय ने खुले तौर पर पार्टी में सिस्टम का अभाव पर सवाल उठाया है. सरयू राय का कहना है कि पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता बिना प्रदेश अध्यक्ष को सूचना दिए ही बयानबाजी करने लगे हैं.
16 को शाह और 17 को मोदी झारखंड में
पार्टी के तय कार्यक्रमों के मुताबिक 16 फरवरी को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गोड्डा आ रहे हैं. जिसे लेकर पार्टी की तैयारी जोरों पर है. वहीं 17 फरवरी को पीएम मोदी हजारीबाग आ रहे हैं. पीएम को हजारीबाग में कई योजना का उद्घाटन और शिलान्यास करना है. दोनों दिग्गजों के आने से पहले पार्टी किसी तरह की कोई किचकिच नहीं चाह रही है. लिहाजा पार्टी ने जहां गोड्डा और हजारीबाग में पार्टी अधिकारियों को भेजा है, वहीं राष्ट्रीय संगठन महासचिव राम लाल के रांची के आने के और कोई मायने नहीं बल्कि मंत्री सरयू राय और रघुवर दास के बीच चल रहे क्लेश को दुरुस्त करना है.
इसे भी पढ़ें – हंगामा खड़ा करना मेरा मकसद नहीं, मेरी कोशिश है “सूरत” बदलने कीः सरयू राय
इसे भी पढ़ें – सरयू राय यूं ही नहीं हैं व्यथित, भ्रष्टाचार के आरोपों पर सरकार व पार्टी दोनों का चुप रहना संदिग्ध




