
Ranchi: झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने झारखंड विधानसभा में डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग विधानसभा अध्यक्ष से की है. इस संबंध में वित्त मंत्री ने एक ज्ञापन सौंपा है. उन्होंने इसमें कहा है कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर एक व्यक्ति नहीं थे, एक विचार थे, क्रांति थे. एक ऐसी प्रेरक रौशनी थे जो सदियों से अंधेरे में डूबे समाज को समानता एवं न्याय का प्रकाश दिखाने आए थे. 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महु में एक दलित परिवार में जन्मे डॉ. बाबा साहेब ने अपने जीवन में हर उस बाधा को तोड़ा जो सामाजिक एवं सांस्कृतिक रूढ़ियों ने उनके सामने खड़ी की थी. एक दलित परिवार में जन्म लेने के बावजूद उन्होंने न केवल भारत में बल्कि विश्व के प्रतिष्ठित संस्थानों कोलंबिया विश्वविद्यालय, लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स से अर्थशास्त्र में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की. उन्होंने ने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर की सबसे बड़ी उपलब्धि भारत के संविधान का निर्माण, एक ऐसा संविधान, जिससे हर भारतीय को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार उपलब्ध कराया. डॉ. बाबा साहेब ने न सिर्फ दलित समाज को सशक्त किया बल्कि महिलाओं, श्रमिकों और किसानों के अधिकारों के लिए भी बुलंद आवाज उठाई. उन्होंने छूआछूत के विरुद्ध आंदोलन चलाया. उनके ही योगदान से दलितों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्राप्त हुआ है. उन्होंने लाखों-करोड़ों लोगों को नया मार्ग दिखलाया, एक ऐसा मार्ग जो समता करुणा और बंधुत्व पर आधारित है.
बाबा साहब ने एक ऐसा संविधान दिया है जो हर इंसान को हक देता है. उन्होंने एक ऐसी व्यवस्था बनाई, जिसमें हर व्यक्ति को अपनी पहचान के साथ जीने का अधिकार है. डॉ. बाबा साहब का सम्मान हर उस व्यक्ति के लिए जरूरी है, जो समानता और न्याय में विश्वास रखता है. बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी के विचारधाराओं का सम्मान भारत की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक तथा एकता और अखंडता के लिए आवश्यक है.ऐसे में डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की आदमकद प्रतिमा झारखण्ड विधानसभा परिसर में लगाई जाए.



