JharkhandRanchi

विभाग बंटवारे को लेकर कांग्रेस और झामुमो में विवाद, हेमंत हैं इरफान से नाराज, हो सकता है फेर बदल

Ranchi: गुरुवार को हेमंत कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने शपथ ग्रहण किया. शपथ ग्रहण करने के बाद कांग्रेस की तरफ से एक चिट्ठी जारी की गई. उस चिट्ठी में कांग्रेस पार्टी के चारों मंत्री के पद का उल्लेख किया गया है. चिट्ठी की माने तो दीपिका पांडे सिंह को स्वास्थ्य विभाग, इरफान अंसारी को ग्रामीण विकास विभाग, शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि विभाग और राधा कृष्ण किशोर को वित्त समेत खाद्य आपूर्ति विभाग दिया गया था. लेकिन इस बात से सीएमओ नाराज है. दरअसल हाल में इरफान अंसारी की तरफ से झामुमो से जुड़े कुछ लोगों के लिए गलत बयानबाजी की गई थी. वैसे भी इरफान अपनी इस तरह की आदतों की वजह से फेमस रहने की कोशिश करते हैं. इसी वजह से हेमंत सोरेन इरफान अंसारी को ग्रामीण विकास विभाग देने के पक्ष में नहीं हैं. पुख्ता सूत्रों का यह भी कहना है कि हेमंत सोरेन चाहते ही नहीं है कि इरफान अंसारी को कोई भी अच्छा विभाग मिले. लिहाजा कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के विभाग में फेरबदल देखा जा सकता है.

कैबिनेट की बैठक आज, किसी भी सूरत में बंटना है विभाग

शपथ ग्रहण के बाद झारखंड सरकार की तरफ से एक नोटिफिकेशन जारी होता है, जिसमें कहा जाता है कि मंत्री परिषद की बैठक शुक्रवार यानी आज होनी है. इसलिए आज किसी भी सूरत में विभागों का बंटवारा हो जाना तय है. लेकिन हेमंत सोरेन की नाराजगी की वजह से विभाग बंटवारे में देर होना बताया जा रहा है. पुख्ता सूत्रों की माने तो दीपिका पांडे सिंह को स्वास्थ्य विभाग के बदले ग्रामीण विकास विभाग दिया जा सकता है. वहीं विभागों के बंटवारे में और भी बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है. कुछ भी हो लेकिन आज शाम से पहले विभागों का बंटवारा हो जाना है. कांग्रेस लगातार कोशिश में है कि इस विवाद को जल्द से जल्द सुलझा लिया जाए और विभागों का बंटवारा सही तरीके से कर दिया जाए.

झामुमो का सवाल आखिर वायरल कैसे हुआ लेटर

झारखंड मुक्ति मोर्चा कांग्रेस पार्टी से नाराज दिख रहा है. झामुमो का कहना है कि जब कांग्रेस आलाकमान की तरफ से प्रदेश पदाधिकारी को चिट्ठी भेजी गई थी तो आखिर यह चिट्ठी वायरल कैसे हुई. कैसे सोशल मीडिया में चंद ही घंटे में दौड़ने लगी. कहा जा रहा है कि कांग्रेस की या एक बड़ी चूक है. क्योंकि अगर चिट्ठी आला पदाधिकारी के लिए लिखी गई थी, तो फिर यह चिट्ठी मीडिया में कैसे वायरल हुई. इस बात का जवाब कांग्रेस के किसी भी पदाधिकारी के पास नहीं है. यह देखे जाने वाली बात है कि चिट्ठी वायरल है और जिम्मेदारी कोई नहीं ले रहा है.

Related Articles

Back to top button