
Ranchi : रांची में एक्वा वर्ल्ड की ओर से आयोजित कार्निवाल-2018 के समापन समारोह में बुधवार को डीआईजी एवी होमकर ने बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था और यातायात नियम के प्रति लोगों को जागरूक करनेवाले ट्रैफिक पुलिस के जवानों और अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. बता दें कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा इस कार्यक्रम में आनेवाले लोगों को ट्रैफिक के नियमों के बारे में बताया जा रहा था.
लोगों को जागरूक करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने लगाया था स्टॉल
रांची में एक्वा वर्ल्ड की ओर से आयोजित कार्निवाल-2018 में लोगों को ट्रैफिक रूल्स की जानकारी देने के लिए लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने स्टॉल लगा रखा था. इस स्टॉल पर लोगों को ट्रैफिक रूल्स की जानकारी दी जा रही थी. वहीं सुगम और व्यवस्थित ट्रैफिक को लेकर पुलिस अधिकारी दवेंद्रे सिंह और बाबर खां लोगों को जागरूक कर रहे थे.
राजधानी रांची में हर महीने लगभग 40 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं
एक आंकड़े के मुताबिक, राजधानी रांची में हर महीने लगभग 40 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं. इसमें लगभग हर महीने 30 लोगों की मौत होती है. जनवरी से लेकर नवंबर 2018 के बीच रांची में 383 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें 263 लोगों की जान चली गयी. रांची में जनवरी 2018 में सबसे अधिक 60 दुर्घटनाएं हुईं, जबकि सबसे अधिक 41 मौतें जून में हुईं. सड़क दुर्घटना में लगातार वृद्धि हो रही है. इस तरह से लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटना को टालने के लिए रांची पुलिस लोगों को ट्रैफिक नियम के प्रति जागरूक कर रही थी और आगे भी इस तरह से लोगों को जागरूक करने का काम किया जायेगा.
पुलिस ने बताया इन कारणों से होती है सड़क दुर्घटना
- दो गाड़ियों के बीच पर्याप्त दूरी नहीं रखना
- औसत स्पीड से तेज वाहन चलाना
- आगे जा रही गाड़ी की बायीं ओर से ओवरटेक करना
- गाड़ी चलाते समय फोन पर बात करना
- रात में विपरीत दिशा से आ रही गाड़ी को क्रॉस करते समय डीपर का इस्तेमाल नहीं करना
झारखंड पुलिस ने ट्रैफिक नियम का पालन करने का लोगों से किया आग्रह
- सड़क पर गाड़ी चलाते समय खुद और दूसरे की सुरक्षा पर ध्यान रखें
- मोटरसाइकिल चालक और उस पर सवार दोनों सवारी हेलमेट पहनें
- वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करें
- नशे में वाहन न चलायें
- चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें
इसे भी पढ़ें- झारखंडियों को उजाड़ने के लिए हो रहा मंडल डैम का पुनः शिलान्यास : बाबूलाल मरांडी
इसे भी पढ़ें- पारा शिक्षकों को मिल सकता है वेतनमान, विभाग को नियमावली बनाने का आदेश




