
Khunti: पिकनिक मनाने गए पांडु पुड़िंग में फंसे बिरसा कॉलेज के एक सौ विद्यार्थियों को रात के दस बजे सुरक्षित निकाल लिया गया. बता दें कि जिन दो बसों से विद्यार्थियों को पांडु पुड़िंग ले जाया गया था. जहां कच्चे व चढ़ाई वाले रास्ते में दोनो बसें फंस गई थीं. सूचना मिलने के बाद तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया बुलडोजर लेकर पांडु पुड़िंग पहुंचे. इधर एसपी अमन कुमार ने तत्काल पुलिस बल भेजा. तपकरा थाना प्रभारी अरूण कुमार, बिरसा कॉलेज एबीवीपी के प्रकाश टुटी और सौरव कुमार, कृष्णा सिंह, लक्ष्मी नारायण बड़ाईक भी देर शाम पांडु पुड़िंग जलप्रपात पहुंच चुके थे.
इसे भी पढ़ें- पिकनिक मनाने पांडु पुड़िंग गये बिरसा कॉलेज के 100 विद्यार्थियों की दो बसें घंटों फंसी रहीं, विद्यार्थी परेशान
बिरसा कॉलेज के सभी विद्यार्थी सुरक्षित पहुंचे घर
काफी मशक्कत के बाद विधायक सुदीप गुड़िया के प्रयास से रात के दस बजे दोनों फंसी हुई बसों को बाहर निकाला गया. जिसके बाद सभी विद्यार्थी उन दोनों बसों पर सवार होकर रात के बारह बजे वापस बिरसा कॉलेज पहुंचे. जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.
चालकों की लापरवाही से फंसी बसें
कृष्णा सिंह ने बताया कि दोनो बसें चालकों की लापरवाही के कारण फंसी. विद्यार्थियों और पर्यटक मित्रों के लाख मना करने के बावजूद चालक बस को जबरन नदी के किनारे बालू में लेकर चले गए थे.
मोबाईल टावर लगवाया जाएगा
पांडु पुड़िंग जलप्रपात क्षेत्र में मोबाईल कनेक्टिविटी नहीं रहने के कारण इसकी सूचना प्रशासन तक पहुंचने में विलम्ब हुई. विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा है कि पांडु पुड़िंग व पेरवाघाघ जलप्रपात क्षेत्र में मोबाईल टावर लगवाए जाएंगे. विधायक ने कहा कि दोनों जलप्रपातों तक पहुंचपथ को बनाने का काम भी ग्रामसभाओं को विश्वास में लेकर किया जाएगा.




