
Ranchi: झामुमो के विधायक लोबिन हेंब्रम ने विधानसभा के पटल पर मंगलवार को साहेबगंज में बड़े पैमाने पर पत्थरों के अवैध उत्खनन का मामला उठाया. उन्होंने बाद में सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा पर पत्थर खनन करवाने का आरोप लगाया है.
झामुमो के ही दो अन्य वरिष्ठ विधायकों स्टीफन मरांडी और सीता सोरेन ने विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान लोबिन हेंब्रम द्वारा उठाये गये मुद्दे को सही करार दिया.
लोबिन हेंब्रम ने सदन से बाहर निकलने के बाद इस मसले पर मीडिया से मुखातिब हुए. उन्होंने कहा कि साहेबगंज में भरपूर पत्थर है. हमने देखा कि जंगल के अंदर जबरदस्त लूट हो रही है.
कहा कि जब वे अंदर जंगल में गये तो देखा कि 100 से अधिक ट्रक लगे हुए थे, लेकिन किसी के पास चालान तक नहीं था. उन्होंने कहा कि साफ तौर पर इसमें हमारे दल के ही लोग हैं इसलिए अवैध खनन और परिवहन करनेवालों का मनोबल बढ़ा हुआ है.
‘सीएम के संज्ञान में ला चुका हूं मामला’
उन्होंने कहा कि पुलिस वालों और वन विभाग की मिलीभगत से यह सब हो रहा है. उन्होंने फॉरेस्ट अफसरों पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर उन्हें पता क्यों नहीं है कि फॉरेस्ट लैंड कितना है, जिसपर अवैध खनन हो रहा है.
लोबिन हेंब्रम ने कहा कि इस पूरे मामले की जानकारी मैं सीएम को दे चुका हूं. इससे सीएम की बदनामी हो रही है, पार्टी की बदनामी हो रही है और सरकार की भी बदनामी हो रही है. उन्होंने इस पर सरकार से कार्रवाई की मांग की है.
इधर मामला सामने आने के बाद सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि अवैध खनन पर रोक लगायी जायेगी. जो लोग अवैध खनन कर रहे हैं, उनपर कार्रवाई की जायेगी
इसे भी पढ़ें : विधानसभा में पेश हुआ आर्थिक सर्वेक्षण, प्रति व्यक्ति आय में 9.2 प्रतिशत की हुई वृद्धि
पार्टी फोरम में बात रखूंगा कि आखिर इतना बड़ा आरोप कैसे लगाया : पंकज मिश्रा
सीएम के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ने कहा कि मैं पार्टी फोरम में बात रखूंगा कि आखिर इतना बड़ा आरोप विधायक ने मुझ पर कैसे लगाया. मेरी इसमें कोई भtमिका नहीं है. अगर मेरे नाम से कोई ऐसा काम करता है तो उसपर कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि मैं पार्टी का केंद्रीय सचिव हूं, वे केंद्रीय महासचिव हैं उनको पार्टी फोरम में बात रखनी चाहिए थी. सीधा मीडिया में नहीं जाना चाहिये था. पंकज मिश्रा ने कहा कि उनके नाम से अगर कोई ऐसा काम करता है तो सबसे पहले वे ही इसका विरोध करेंगे.
इसे भी पढ़ें :झारखंड हाइकोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं को लगाया गया कोरोना का टीका




