
Dhanbad : झारखंड-पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित धनबाद के चिरकुंडा थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर ही सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक बड़ी लूट कांड को अंजाम दिया है. अपराधी बराकर के डालडा कारोबारी सुरेश डालमिया के पुत्र सोनू डालमिया और उसके कर्मचारी गोपाल से 4.70 लाख रुपये लूट कर चिरकुंडा की और भाग गए.
घटना की सूचना मिलने के बाद चिरकुंडा थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. चिरकुंडा पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें :मोरहाबादी के दुकानदारों को मिला नगर निगम की तरफ से बातचीत का न्योता
डालडा के होलसेल सप्लायर हैं सुरेश डालमिया
व्यवसायी सुरेश डालमिया डालडा का होल सेल सप्लायर हैं. डालमिया के मूक बाधिर पुत्र सोनू डालमिया व उनका कर्मी गोपाल प्रसाद साव बाइक से 4 लाख 70 हजार रुपये डिक्की में रखकर बैंक आफ इण्डिया चिरकुंडा शाखा में जमा करने आ रहे थे.
ऐसी हुई लूट
बाइक व्यवसायी का पुत्र सोनू चला रहा था. वही गोपाल प्रसाद पीछे बैठा था. जैसे ही बाइक बराबर पुल के बीच पहुंची वैसे ही बराकर से पीछा कर रहे पल्सर सवार तीन अपराधियों ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. इससे कर्मी गोपाल गिर गया. उन्हें हल्की चोट भी आई. गिरने के बाद फौरन अपराधियों ने बाइक की चाभी निकाल कर डिक्की खोल रुपये निकाले और फरार हो गये.
हादसे के बाद गोपाल ने उठकर जोर-जोर से चिल्लाया और अपराधियों के पीछे भी दौड़ा. लेकिन पीछे से आ रहे अपराधियों की दूसरी बाइक पर बैठकर सभी अपराधी भाग खड़े हुए. घटना की सूचना मिलते ही चिरकुंडा थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार व सहायक अवर निरीक्षक बिनोद सिंह पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे व तहकीकात की.
सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है पुलिस
इंस्पेक्टर कुमार ने सुरेश डालमिया की दुकान पर जाकर पूछताछ की. वे क्षेत्र के कई व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रहे हैं. प्रभारी ने गोपाल प्रसाद से घटना की पूरी जानकारी ली. पुलिस ने जब गोपाल से बाइक का नंबर पूछा तो उन्होंने बताया कि पूरा नंबर नहीं बता सकते. सिर्फ डब्लू बी 6558 बताया. अपराध में उपयोग दूसरी बाइक का नंबर वह बता नहीं सका.
इसे भी पढ़ें :दिव्यांग महिला को पुलिस अधिकारी ने बाल खिंचकर मारी लात, वीडियो वायरल होने पर सस्पेंड




