ChaibasaJharkhandSports

चाईबासा : उच्च विद्यालय महुलडीहा ने 47 रनों से पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर को किया पराजित

ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता, 2021-22

Chaibasa : पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित एवं पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 11वीं ज्ञानचंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत रविवार को खेले गये ग्रुप-सी के अंतिम लीग मैच में उच्च विद्यालय महुलडीहा, सोनुवा की टीम ने पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चाईबासा को 47 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किया. इस जीत के साथ ही अपने ग्रुप के दोनों लीग मैच जीतकर आठ अंकों के साथ उच्च विद्यालय महुलडीहा की टीम सुपर डिवीजन के लिए क्वालीफाई कर गई है.

7 विकेट के नुकसान पर बनाया 130 रन

बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम पर खेले गये मैच में टॉस हाई स्कूल महुलडीहा के कप्तान ने जीता तथा पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. हलांकि कल रात हुई भारी बारिश के कारण मैच विलंब से शुरू हुआ और अंपायरों ने ओवर में कटौती करते हुए 15-15 ओवरों का मैच कराने का निर्णय लिया. बल्लेबाजी करते हुए महुलडीहा की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 130 रनों का स्कोर खड़ा किया. आशीष लोहरा ने चार चौकों एवं एक छक्का की मदद से सर्वाधिक 45 रन बनाये, जबकि प्रकाश डांगील ने एक चौका एवं तीन छक्कों की मदद से आक्रामक 29 रन तथा हरभजन कालिंदी ने तीन छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 27 रन बनाये. पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की ओर से गेंदबाजी करते हुए कुणाल भाजी ने 13 रन देकर तीन विकेट लिए. अक्षय कुमार एवं आयुष निषाद को एक-एक विकेट मिला.

अभिनव महतो ने घातक गेंदबाजी कर चटकायें 5 विकेट

जीत के लिए निर्धारित 15 ओवर में 131 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की टीम 13 ओवर में 83 रन बनाकर सिमट गई और 47 रन से ये मैच गंवा बैठी. इस टीम की ओर से नितीन गोप ने तीन छक्कों की मदद से 24 रन तथा कुंदन कुमार ने तीन चौकों की मदद से 16 रन बनाये. अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया. उच्च विद्यालय महुलडीहा की ओर से अभिनव महतो ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 22 रन देकर पांच बल्लेबाजों को चलता किया और टीम की जीत में न सिर्फ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई बल्कि मैन आफ द मैच का हकदार भी बना. उसे यह पुरस्कार मैच के अंपायर जयंत विश्वकर्मा ने प्रदान किया.

सुपर डिवीजन के मुकाबले 18 मई से खेले जायेंगे

गौरतलब हो कि विगत 27 अप्रैल से शुरू हुए इस प्रतियोगिता में अबतक कुल 15 लीग मैच खेले जा चुके हैं. लीग मैच की समाप्ति के बाद ग्रुप-ए से गत विजेता सुरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल चाईबासा, ग्रुप-बी से गत बार की उपविजेता इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर तथा ग्रुप-सी से पहली बार इस प्रतियोगिता में भाग ले रही उच्च विद्यालय महुलडीहा, सोनुवा की टीम सुपर डिवीजन के लिए क्वालीफाई कर चुकी है. जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि जिले में दूसरे चरण का पंचायत चुनाव 17 मई को निर्धारित है, अतः सुपर डिवीजन के मुकाबले 18 मई से खेले जायेंगे. तीन टीमों के बीच ओपन लीग आधार पर होनेवाले सुपर डिवीजन मुकाबले के बाद शीर्ष की दो टीमों के बीच फाईनल मैच रविवार 22 मई को अपराह्न 2 बजे से खेला जायेगा.

सुपर डिवीजन के मैच इस प्रकार है

18 मईः सुरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल, चाईबासा बनाम इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर.

19 मई: इंदिरा गांधी शिक्षा निकेतन चक्रधरपुर बनाम उच्च विद्यालय महुलडीहा.

20 मईः सुरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल चाईबासा बनाम उच्च विद्यालय महुलडीहा.

नोटः सभी प्रतियोगिताएं प्रातः 7:00 बजे से खेले जायेंगे.

ये भी पढ़ें- पूर्व पत्रकार और फिल्म डॉयरेक्टर Avinas Das  को अमित शाह और निलंबित IAS पूजा सिंघल का फोटो पोस्ट करना पड़ा महंगा, केस दर्ज

Related Articles

Back to top button