Ranchi: चाईबासा में शहीद हुए जवान और एसपीओ को डीजीपी एमवी राव ने श्रद्धांजलि दी. डीजीपी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा हम झारखंड पुलिस ने अपने शहीद हुए नायकों कांस्टेबल लखींद्र मुंडा और एसपीओ सुंदरस्वरुप महतो को श्रद्धांजलि देते हैं. उन्होंने कल पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ एक ऑपरेशन में सर्वोच्च बलिदान दिया. हम अपनी प्रार्थनाओं में एकजुट हैं और अपने शहीद के परिवारों के साथ हैं.
We @JharkhandPolice pay homage to our fallen heroes Constable Lakhindra Munda 29 and SPO Sundarswarup Mahto 35. They made supreme sacrifice in an operation against LWE in West Singhbhum district yesterday. We are united in our prayers and support for our #martyrs’ families. 🙏
— Mandava V Rao (@MVRaoIPS) June 1, 2020
नक्सली कमांडर लोडरो मुंडा ने दस्ते के साथ किया था हमला
बता दें कि पश्चिम सिंहभूम के कराईकेला में सर्च ऑपरेशन पर निकले जवानों पर नक्सली कमांडर सुभाष उर्फ लोडरो मुंडा ने दस्ते के साथ हमला कर दिया. नक्सलियों की ओर से अचानक की गई फायरिंग में पोड़ाहाट एसडीपीओ नाथू सिंह मीणा के बॉडीगार्ड लखींद्र मुंडा व कराईकेला थाना के अस्थायी चौकीदार सह एसपीओ सुंदर स्वरूप महतो शहीद हो गए. वहीं, ऑपरेशन को लीड कर रहे एएसपी अभियान प्रणव आनंद व एसडीपीओ बाल-बाल बच गए. शहीद लखींद्र टोकलो थाना क्षेत्र के तोयबा जबकि सुंदर स्वरूप कराईकेला थाना क्षेत्र के ओटार के रहनेवाले थे.
सर्च ऑपरेशन पर थे जवान
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों के होने की सूचना पर एएसपी अभियान और चक्रधरपुर एसडीपीओ की अगुवाई में जवान जोनुवा पहुंचे थे. गांव के पास जवान बाइक खड़ी कर आगे बढ़ ही रहे थे कि गांव के घरों की आड़ लेकर नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी और डीएसपी के अंगरक्षक लखींद्र मुंडा और एसपीओ सुंदर स्वरूप महतो को गोली लग गयी. यह देख जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी. नक्सली गांव की ओर से फायरिंग कर रहे थे इसलिए पुलिस को कार्रवाई में परेशानी हो रही थी, जिसका फायदा उठा नक्सली जंगल में भाग खड़े हुए.




