
- त्रिकुट पर्वत के पास होगा डीआरडीओ का भंडारण गृह, देवघर एयरपोर्ट से होगी ढुलाई
- देवघर अतंर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण कार्य अंतिम चरण में
- नवबंर माह से रांची, कोलकाता व दिल्ली की यात्री उड़ान शुरू होने की संभावना
- 5 किमी लंबे व 45 मीटर चौड़े रनवे में होगी एयर बस 320 तक उतारने की क्षमता
Ranchi: देवघर जिला मुख्यालय का नाम जल्द ही राष्ट्रीय सुरक्षा सेवा के साथ जुड़ जायेगा. इसको लेकर रक्षा मंत्रालय से जुड़ा डीआरडीओ जरूरी व्यवस्था बनाने में जुटा हुआ है.
जानकारी के अनुसार डीआरडीओ जिला मुख्यालय के देवघर-दुमका रोड पर मोहनपुर प्रखंड में त्रिकुट पर्वत के समीप भंडारण गृह बनायेगा. यहां से सैन्य सामग्री को लाने व ले जाने के लिए डीआरडीओ के जहाज उतरने व ठहराव को लेकर विशेष व्यवस्था की जा रही है.
भंडारण गृह के इस्तेमाल के लिए चाहिए खास तरह का एयरपोर्ट
जानकारों का कहना है कि डीआरडीओ के भंडारण गृह का इस्तेमाल किये जाने के लिए विशेष तरीके के एयरपोर्ट का होना जरुरी है. इसके लिए देवघर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को तैयार किया जा रहा है.
बता दें कि इसको लेकर एयरपोर्ट पर रनवे, टैक्सी रोड व एफ्रॉन का निर्माण एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से पूरा कर लिया गया है जबकि भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में है.
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट का हाल ही में निरीक्षण कर नवबंर माह से छोटी उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है.
कहा जा रहा है कि पहले चरण में देवघर से रांची, कोलकाता व दिल्ली के लिए हवाई उड़ान सेवा शुरू की जायेगी.
एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा इस वर्ष नवंबर माह तक एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है. एयरपोर्ट निर्माण कार्य के बाबत कार्यस्थल के एजीएम वीआर टोप्पो ने दावा किया है कि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो तय समय पर लक्ष्य को पूरा कर लिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – बिहार चुनाव : भाजपा के बाद जदयू की बागी नेताओं पर कार्रवाई, 15 नेताओं को छह साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया
नवंबर तक पूरा कर लिया जाना है काम
410 करोड़ की लागत से बनने वाले देवघर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का निर्माण कार्य 2017 से शुरू हुआ और नवबंर 2020 तक निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाना है.
एयरपोर्ट निर्माण में डीआरडीओ की ओर से 200 करोड़ रूपये का अंशदान दिया गया है. इसके अलावा 50-50 करोड़ राज्य सरकार व भारतीय एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से अंशदान दिया गया है. जबकि शेष राशि केंद्र सरकार वहन कर रही है.
एयरपोर्ट के 2.5 किमी लंबे 45 मीटर चौड़ी रनवे पर एयर बस 320 तक उतारने की क्षमता होगी. जहां डीआरडीओ का जहाज भी उतरेगा. डीआरडीओ के जहाज व पायलट के ठहराव के लिए अलग से विशेष व्यवस्था की जा रही है. निर्माणाधीन देवघर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रनवे का निर्माण पूरा हो गया है। जबकि चाहर दीवारी निर्माण कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है.
भवान निर्माण कार्य का 65 प्रतिशत से अधिक हिस्सा पूरा हो चुका है जिसमें टर्मिनल भवन, एटीसी टावर भवन, टेक्निकल ब्लॉक सह फायर स्टेशन भवन, इलेक्ट्रिकल सह मेकेनिकल भवन व सर्विस ब्लॉक भवन का निर्माण का कार्य किया जा रहा है.
जबकि डीआरडीओ के जहाज के ठहराव के लिए अलग से टैक्सी रोड व एप्रान का निर्माण किया गया है। साथ ही भवन निर्माण कार्य भी तेज गति से जारी है.
जानकारों का कहना है कि हवाई सेवा शुरू होने के बाद एयरपोर्ट का सुरक्षा घेरा भी सख्त होग.। जहां बिना अनुमति व सुरक्षा जांच के किसी को एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश की इजाजत नहीं होगी. एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन तक मुख्य सड़क से यात्री वाहनों की आवाजाही के लिए राज्य सरकार की ओर से सड़क निर्माण किया जा रहा है. एयरपोर्ट के लिए अलग से विशेष विद्युत आपूर्ति पावर सब स्टेशन बनाने का कार्य भी अंतिम चरण में है.
इसे भी पढ़ें – खेत में छुपाकर रखा गया था बम, चारा समझकर खाने लगा बछड़ा, विस्फोट से उड़ा जबड़ा
कोरोना काल के कारण निर्माण कार्य में आयी बाधा
वैसे तो एक दफा लोकसभा में चालू सत्र के दौरान गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद डॉ निशिकांत दूबे के एक सवाल के जवाब में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पूरी ने निर्माण कार्य के बाबत जानकारी देते हुए कहा था कि सबकुछ ठीक ठाक रहने पर इसी वर्ष सितंबर माह से हवाई सेवा शुरू करने की बात कही थी.
लेकिन इस बीच कोरोना काल के आगमन के कारण देवघर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा निर्माण कार्य में बाधा पहुंची. अब भारतीय एयरपोर्ट अथॉरिटी नवंबर 20 तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसबीच डीआरडीओ के जहाज द्वारा ट्रायल लेने की बात भी कही जा रही है.
इसे भी पढ़ें – हाथरस केस को लेकर एक्शन में सीबीआइ, क्राइम सीन के मुआयने के बाद पीड़िता के घर पहुंची टीम




