
Ranchi : पंडरा ओपी क्षेत्र के बजरा स्थित एक गैराज में खड़ी बस के अंदर एक युवक का फंदे से लटका हुआ शव मिला है. मृतक की पहचान गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के करंजटोली निवासी एरूस खलखो तिरुपति के रूप में की गई है.
मृतक पहले गैराज में गार्ड का काम करता था, लॉकडाउन में वह अपने गांव चला गया था. शुक्रवार को वह गैराज में काम करने के लिए आया था परंतु गैराज के मालिक ने गार्ड के रूप में किसी और व्यक्ति को काम पर रख लिया था. जिसके कारण उसे काम नहीं मिला, गैराज मालिक से आग्रह कर के वह रात को गैराज में रुका था. सुबह में लोगो ने बस के अंदर उसका शव लटका हुआ देखा. आसपास के लोगों ने हत्या की आशंका जाहिर की है. क्योंकि बस की छत की ऊंचाई देखकर ऐसा नहीं लगता है की कोई उससे लटक कर आत्महत्या कर सकता है. फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है और मामले की छानबीन कर रही है.




