
Ranchi : भाकपा माले के बगोदर विधायक बिनोद सिंह को उत्कृष्ट विधायक चुना गया है. विधानसभा स्थापना दिवस के दिन विधायक बिनोद सिंह को सम्मानित किया जायेगा. भाकपा माले राज्य कार्यकर्ताओं ने इस पर खुशी जाहिर की है. भाकपा माले राज्य सचिव मनोज भक्त ने कहा कि बिनोद सिंह को बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक के रूप में चुना जाना खुशी की बात है. उन्होंने बगोदर विधानसभा क्षेत्र और झारखंड की जल, जंगल, जमीन, न्याय और लोकतंत्र के लिए संघर्षरत जनता को बधाई दी है. उन्होंने कहा है कि विधायक बिनोद सिंह ने आंदोलनरत जनता के संघर्ष और आवाज को सड़क और सदन में बुलंद किया है. भाकपा माले ने भरोसा जताया है कि बिनोद सिंह एक जनप्रतिनिधि के बतौर और जनता के हितों के लिए लड़नेवाले अगुआ योद्धा के बतौर महेंद्र सिंह की क्रांतिकारी परंपरा को आगे बढ़ायेंगे. भाकपा माले की राज्य कमिटी ने चयन समिति को धन्यवाद दिया है.
22 नवंबर को होंगे सम्मानित
जानकारी हो कि बीते मंगलवार को विधानसभा की चयन कमेटी ने उत्कृष्ट विधायक सम्मान के लिए बिनोद सिंह के नाम पर मुहर लगायी. उन्हें झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस पर 22 नवंबर को सम्मानित किया जायेगा. इसके साथ ही पांच विधानसभा कर्मचारियों को उत्कृष्ट कर्मचारी का सम्मान दिया जायेगा. स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने बैठक के बाद जानकारी दी थी उत्कृष्ट विधायक का चयन काफी जटिल होता है, क्योंकि सभी विधायकों का कार्य भी उत्कृष्ट है. ऐसे में विधायक की कार्यशैली, प्रश्न पूछने के तरीके, सदन में अनुशासन और विधायी कार्यों को निष्पादित करने के तौर-तरीके को ध्यान में रखते हुए उत्कृष्ट विधायक का चयन किया जाता है.
इसे भी पढ़ें – CM हेमंत सोरेन की सदस्यता पर झामुमो के लिए कारगर साबित नहीं हुआ राजभवन को लिखा RTI!



