JharkhandLead NewsRanchi

हीट वेव जैसी स्थिति, फिर भी सदर अस्पताल में पीने के पानी का नहीं है इंतजाम

Ranchi: ग्लोबल वार्मिंग के कारण तापमान में तेजी से बदलाव हो रहा है. मौसम गर्म हो रहा है. राजधानी रांची का तापमान 39 डिग्री के आसपास रह रहा है. वहीं हीट वेव जैसी स्थिति बनी हुई है. ऐसी संभावनाओं को देखते हुए नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने नेशनल एक्शन प्लान ऑन हीट रिलेटेड इलनेस जुलाई 2021 के तहत पिछले महीने सभी सिविल सर्जनों को हीट रेडिएशन इलनेस को लेकर अलर्ट जारी किया था.

वहीं इससे बचाव के लिए हॉस्पिटल्स में सभी इंतजाम करने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद राजधानी के दूसरे सबसे बड़े हॉस्पिटल सदर में मरीजों को गर्मी से बचाव को लेकर इंतजाम नहीं किए गए है. इतना ही नहीं पीने के पानी की भी व्यवस्था नहीं होने से मरीज काफी परेशान है. जिससे समझा जा सकता है कि अधिकारियों को मरीजों की परेशानी से कोई लेना देना नहीं है.

कूलर के लिए करना होगा इंतजार

एक महीने पहले अलर्ट जारी किए जाने के बाद भी न तो ओपीडी में मरीजों के लिए पीने के पानी का इंतजाम किया गया और न ही वार्डों में कूलर की व्यवस्था की गई है. अब हेल्थ डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने कूलर का आर्डर किया है. जिससे साफ है कि कूलर की डिलीवरी होने तक मरीजों को इस जलाने वाली गर्मी में झुलसना होगा.

30 बेड का लू वार्ड सदर में

ग्लोबल वार्मिंग के अलर्ट के बाद सदर हॉस्पिटल में 30 बेड का लू वार्ड बनाया गया है. जहां पर हीट वेव या फिर लू लगने के बाद मरीजों को लाया जाता है तो उनका इलाज किया जाएगा. इसके अलावा अधिकारियों ने अन्य गाइडलाइंस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया. जिसका खामियाजा इलाज के लिए आने वाले मरीज भुगत रहे है.
इस मामले में सदर हॉस्पिटल के डीएस डॉ एस मंडल ने कहा कि हमें गाइडलाइंस मिली है. उसके अनुसार एक वार्ड बना दिया गया है. जिसमें मरीजों के लिए बेड लगाए गए है. पीने के पानी और वाटर कूलर का आर्डर सिविल सर्जन आफिस से किया गया है.

 

Related Articles

Back to top button