
New Delhi: भारत में लगातार तीसरे दिन कोरोना वायरस संक्रमण के 11,000 से ज्यादा मामले सामने आए हैं. जिसके बाद सोमवार को संक्रमण के मामले बढ़कर 3,32,424 हो गए. वहीं संक्रमण से 325 और लोगों की मौत के साथ ही मरने वालों की संख्या 9,520 पर पहुंच गई है.
24 घंटे में 11 हजार 502 नये केस
स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार सुबह अपडेट किये गये आंकडों के मुताबिक देश में अभी कोरोना के केस 3 लाख 32 हजार 424 हो गये हैं. जिनमें से 1,53,106 लोगों कर इलाज चल रहा है वहीं 1,69,797 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और एक मरीज विदेश चला गया है. एक अधिकारी ने बताया कि इस हिसाब से 51.07 फीसद मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं.
मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 11,502 नए मामले सामने आने से कुल मामले बढ़कर 3,32,424 हो गए हैं. वहीं एक दिन में 325 लोगों की मौत होने से अबतक 9,520 जान चली गयी है. गौरतलब है कि अमेरिका, ब्राजील और रूस के बाद भारत कोरोना वायरस संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित देशों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गया है.
महाराष्ट्र-दिल्ली में हालात चिंताजनक
देश में बेकाबू हो चुके संक्रमण से दो राज्य बुरी तरह से प्रभावित हैं. इनमें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र है. महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 1 लाख के पार पहुंच गया है. यहां कुल 1 लाख 7 हजार 958 कोरोना के मामले सामने आये हैं, जिसमें 3950 लोगों की मौत हो चुकी है. प्रदेश में अभी 53 हजार से अधिक एक्टिव केस है.
वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 2224 नए मरीज सामने आए हैं और 56 लोगों की मौत हो गई है. राजधानी में कोरोना के कुल केस बढ़कर 41,182 हो गये हैं, जबकि अब तक 1327 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. ऐसे में दिल्ली में हालातों पर काबु पाना सरकार के लिए चुनौती बनी हुई है.
देश का तीसरा सबसे अधिक प्रभावित राज्य तमिलनाडु है. यहां कुल मरीजों का आंकड़ा 44 हजार को पार कर गया है. प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 44 हजार 661 है, जिसमें 435 लोगों की मौत हो चुकी है. तमिलनाडु में अब तक 24 हजार से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 19 हजार से अधिक एक्टिव केस है.




