
Anil Kumar Pandey
Dhanbad: देश कोरोना संक्रमण से जूझ रहा है और पूरा देश लॉकडाउन है. सभी लोगों को सुरक्षित घरों में रहने के लिए कहा गया है. इस हालत में भी कुछ लोग ऐसे हैं जो अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा करने में लगे हुए हैं. सफाई कर्मी भी इन्हीं में से एक हैं.
इसे भी पढ़ेंःबिहार: 17 नये कोरोना पॉजिटिव केस, मरीजों की संख्या बढ़कर 143
ये कोरोना योद्धा हैं लेकिन खुद इनके पास सुरक्षा के कोई उपकरण नहीं है. ये लोग सेफ्टी किट के अभाव में भी गलियों और मोहल्लों की सफाई करने में व्यस्त रहते हैं. धनबाद नगर निगम की ओर से अभी तक सफाई कर्मियों को सेफ्टी किट प्रदान नहीं किया गया है.
इनके पास न तो हैंड ग्लव्स हैं और न ही अभी तक इन्हें जूता दिया गया है. इतना ही नहीं सफाई के बाद इन्हें हाथ साफ करने के लिए सैनिटाइजर भी मुहैया नहीं कराया गया है.
सेंसेटिव जोन में भी बगैर सेफ्टी किट के काम
धनबाद के हीरापुर डीएस कॉलोनी में जहां के एक रेल कर्मी को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, वहां भी सफाई कर्मी बिना सुरक्षा किट के ही सफाई, ब्लीचिंग और केमिकल से सैनिटाइजेशन करने में लगे हैं.

जिस जगह को तीन किलोमीटर तक सील किया गया है, लोगों को बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गयी है, वहां सफाई कर्मी बिना जूता और बिना हैंड ग्लव्स के ही अपने काम मे लगे हैं.
इसे भी पढ़ेंः#CoronaOutBreak: महाराष्ट्र-दिल्ली में सबसे ज्यादा केस, लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या
सेफ्टी किट के अभाव में काम के दौरान झुलसे थे दो सफाई कर्मी
वहीं कुछ दिन पहले नगर निगम के वार्ड 35 में सफाई कर्मी ब्लीचिंग पाउडर और मिश्रित पानी से सैनिटाइजेशन कर रहे थे. काम करने के क्रम में केमिकल दो कर्मियों की पीठ पर गिर गया था. इस घटना में सफाई कर्मी बाजा भुइयां और महादेव हांड़ी की पीठ झुलस गयी थी. घटना की सूचना वार्ड पार्षद को दी गयी. वार्ड पार्षद ने मौके पर पहुंचकर दोनों सफाई कर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया था. बताया जाता है कि सेफ्टी जैकेट नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ.

इस संबंध में इन सफाई कर्मियों ने बताया कि अभी तक हम लोगों को सेफ्टी किट नहीं दिया गया है. न तो हम लोगों को हैंड ग्लव्स दिये गये हैं और न ही जूते. केमिकल से बचाव के लिए हमलोगों को अभी तक जैकेट भी नहीं दिया गया है. उन्होंने बताया कि डॉक्टर की तरह उन्हें भी सुरक्षा किट मिलना चाहिए, ताकि वे भी बेखौफ होकर अपना काम कर सकें.
सुरक्षा किट की मांग की तो दे दिया रेनकोट
पार्षद निरंजन प्रसाद ने भी कहा कि सफाई कर्मी भी कोरोना योद्धा के रूप में काम कर रहे हैं. लेकिन इन्हें सुरक्षा किट नहीं दिया गया है. यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है. इनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन्हें भी सुरक्षा किट मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि केमिकल के छिड़काव के दौरान दो सफाई कर्मी झुलस गये जिसके बाद हमने निगम से सुरक्षा किट की मांग की, तो दो-तीन लोगों को रेनकोट दिया गया जो सुरक्षित नहीं है.
इसे लेकर धनबाद नगर आयुक्त चंद्रमोहन कश्यप से बात करनी चाही, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई क्योंकि उनका सरकारी नंबर पिछले कई महीनों से बंद आ रहा है.
इसे भी पढ़ेंःअमेरिका: 24 घंटे में कोरोना से 1,738 लोगों की मौत, ट्रंप ने कहा- ‘अमेरिका पर हमला हुआ’




