
Ranchi: झारखंड में कोरोना के दो और मरीजों की पुष्टि हुई है. दोनों मरीज बोकारो के गोमिया प्रखंड के साड़म गांव के दलाल टोला के रहने वाले हैं. ये आपस में पिता-पुत्र हैं. इन्हीं के परिवार के एक सदस्य की कोरोना से मौत हुई थी.
नये मरीज मृतक के भाई और भतीजे हैं. मृतक के पॉजिटिव पाये जाने के बाद ही इसके परिजनों सहित इलाके के कुल 26 लोगों के सैंपल लिये गये थे जिसमें से दो को पॉजिटिव पाया गया. इलाके को पहले ही सील किया जा चुका है. अब उसकी समय सीमा बढ़ाये जाने की उम्मीद है.
इन दो नये मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के साथ ही राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 19 हो गयी है जिसमें से दो की मौत हो चुकी है.
राज्य में एक कोरोना मरीज की मौत रविवार को ही हुई है. शहर के हिन्दपीढ़ी निवासी 56 वर्षीय मरीज का रिम्स में इलाज चल रहा था. संक्रमित होने के बाद से ही वह वेंटिलेटर पर था.
इसे भी पढ़ें- #Lockdown: वेल्लोर में फंसे लोगों की हिम्मत दे रही जवाब, बोले-कोरोना नहीं तो डर और बेबसी जान ले लेगी
बोकारो में पहले एक मरीज की हो चुकी है एक मौत
इससे पहले बोकारो जिले में एक 75 वर्ष के शख्स की मौत हो गयी थी. उसमें कोरोना संक्रमण के लक्षण पाये जाने के बाद उसे बीजीएच में भर्ती कराया गया था जहां उसका इलाज चल रहा था.
मृतक बोकारो जिला के गोमिया प्रखंड के साड़म के दलाल टोला का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि शख्स को सर्दी-खांसी की शिकायत के बाद इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. उसकी कोरोना संक्रमण की जांच की गयी थी और रिपोर्ट पॉजिटिव पायी गयी थी.
इसे भी पढ़ें- बिहार: #Corona मरीजों की संख्या पहुंची 64, सीवान में सबसे अधिक केस
रांची के मृतक के परिवार के सभी लोग कोरोना पॉजिटिव
रविवार को रांची के हिन्दपीढ़ी निवासी जिस कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हुई वह उस महिला का पति था जो राज्य की दूसरी कोरोना पीड़ित है.
मृतक के परिवार के सभी लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं. हिंदपीढ़ी से जितने भी केस सामने आये हैं वो सभी एक ही परिवार के हैं.
सिर्फ मलेशियन महिला को छोड़कर जो कि राज्य की पहली कोरोना पॉजिटिव पायी गयी थी. सभी का कांटेक्ट हिस्ट्री है. किसी ने भी कहीं की यात्रा नहीं की थी. फिलहाल सभी का इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है.
इसे भी पढ़ें- #Jamshedpur: स्वास्थ मंत्री बन्ना गुप्ता के कोरोना वॉलेंटियर्स पर उठ रहे सवाल, प्रशासन के लिए भी बने सिरदर्द




