
New Delhi: देश में दूसरी लहर कहर थमा नहीं है. हालांकि, दैनिक मामलों में संक्रमितों की संख्या में काफी कमी आई है. इस कमी को देखते हुए देश अब अनलॉक की ओर कदम बढ़ा चुका है. सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में शुमार दिल्ली, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों ने पाबंदियों की ढील देना शुरू कर दिया है. टीकाकरण भी जारी है. देश में शनिवार को कोरोना के 1.14 लाख मामले सामने आए हैं, जबकि 2677 मरीजों ने जान गंवाई. बताया जा रहा है कि करीब दो माह बाद देश में पहली बार देश में एक दिन में इतने कम मामले सामने आए हैं.
मामलों में कमी के साथ देश में कोरोना का एक नया वैरिएंट सामने आया है, जो मात्र सात दिनों में संक्रमित का वजन कम कर देता है. ये वैरिएंट सबसे पहले ब्राजील में मिला था लेकिन अब भारत में आने की इसकी पुष्टि हुई है. ग्रामीण इलाकों में कोरोना का पसरना चिंता का विषय बना हुआ है. एक रिपोर्ट के अनुसार मई माह में हुई कुल मौतों में से 52 फीसदी देश के ग्रामीण इलाकों में हुई है.
पिछले 24 घंटे में कोरोना से 1 लाख 89 हजार 232 मरीज ठीक हुए हैं। भारत में अब कोरोना के ऐक्टिव केसों की संख्या भी घटकर 15 लाख से नीचे आ गई है. फिलहाल देश में 14 लाख 77 हजार 799 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है. देश में अब तक कुल 2.69 करोड़ कोरोना से ठीक हो चुके हैं.
दैनिक संक्रमण दर भी घटकर 5.62 प्रतिशत पर आ गया है. यह लगातार 13वां दिन है जब संक्रमण दर 10 फीसदी से कम रहा है। साप्ताहिक संक्रमण दर भी कम होकर 6.54 फीसदी पर आ गई है. वहीं, रिकवरी रेट में बढ़ोतरी जारी है. अब भारत में कोरोना से ठीक होने वालों की दर 93.67 फीसदी पहुंच गई है.
इसके साथ ही देश में कोरोना के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2 करोड़ 88 लाख 9 हजार 339 पर पहुंच गई है. अब तक भारत में 3 लाख 46 हजार 759 लोगों की जान जा चुकी है. वहीं, 23.13 करोड़ टीके की खुराकें भी लग चुकी हैं.




