
Ranchi: भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को संथाल परगना क्षेत्र के पाकुड़ जिलांतर्गत पाकुड़िया प्रखंड प्रमुख कालीदास मरांडी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. पूर्व में वे झामुमो में थे. उनके साथ दर्जनों झामुमो नेताओं ने भी सदस्यता ली. प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने सबों को अंगवस्त्र पहनाकर सदस्यता दिलाई. मौके पर प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ प्रदीप वर्मा, पाकुड़ भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय, जिला उपाध्यक्ष तपन मंडल भी उपस्थित थे. इस दौरान दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य की दुर्दशा देखकर अब झामुमो के समर्पित कार्यकर्ताओं में भी बेचैनी है. अब वे भी भ्रष्टाचार और परिवारवाद से झारखंड को मुक्ति दिलाना चाहते हैं. झामुमो परिवारवाद ,भ्रष्टाचार की पोषक है. सहयोगी कांग्रेस भ्रष्टाचार और परिवारवाद की जननी है. इसलिए झारखंड के हित की चिंता करने वाले, झारखंड को विकसित राज्य की श्रेणी में खड़ा करने वाले लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे. कहा कि इसके पहले संथाल परगना के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सुफल मरांडी ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है. सरकार के संरक्षण में बिचौलिए, दलाल खनिज संसाधनों, पत्थरों को लूट रहे. बहन, बेटियों के साथ दुष्कर्म और टुकड़ों में काटकर हत्या की वारदातें आम हो गई हैं.
बाबूलाल मरांडी से की मुलाकात
सुफल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों ने प्रदेश कार्यालय में नेता विधायक दल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की. पूरे संथाल परगना में भाजपा के जनाधार को बढ़ाने, पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब,किसान, मजदूर के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया.
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस के जिला प्रभारियों, महासचिवों व कार्यकारी अध्यक्षों की हुई बैठक, सबों को मिला टास्क




