
Risda: हुगली जिले में रिसड़ा थाना अंतर्गत ब्रह्मानंद स्कूल संलग्न इलाके में रविवार को तृणमूल कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा महासचिव सायंतन बसु की गाड़ी रोक दी और ‘सायंतन बसु गो बैक’ के नारे भी लगाये.
दरअसल प्रदेश भाजपा महासचिव रविवार को रिसड़ा नगरपालिका के 17 नंबर वार्ड में भाजपा के प्रस्तावित ‘गृह संपर्क अभियान’ में हिस्सा लेने पहुंचे थे. इसकी खबर मिलते ही बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता अचानक भाजपा नेता की गाड़ी के सामने आ गये और उनका विरोध करने लगे.
यह देखकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी इकट्ठा हो गए और सायंतन बसु के समर्थन में भी नारेबाजी होने लगी. घटना की सूचना मिलने पर रिसड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदेश भाजपा महासचिव को सुरक्षित वहां से निकाला.
इसे भी पढ़ें – Giridih: शिबू सोरेन के खिलाफ फेसबुक पर अमर्यादित टिप्पणी की, दो पर केस दर्ज
लोगों के उकसाने पर आये हैं भाजपा नेता
रिसड़ा नगरपालिका के 17 नंबर वार्ड के तृणमूल नेता सुभोजित सरकार ने कहा कि अम्फन और कोरोना के संकट दौरान भाजपा नेता को इलाके में कहीं भी नहीं देखा गया. अब ये इलाके में लोगों को उकसाने आये हैं. इसलिए हम उनका विरोध कर रहे हैं. वहीं श्रीरामपुर लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि सायंतन बसु जहां भी जाते हैं, वहां के लोगों को उकसाकर वहां का माहौल खराब कर देते हैं.
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश भाजपा महासचिव ने कहा कि भाजपा के कार्यक्रमों को रोकना तृणमूल कांग्रेस की संस्कृति है. इसलिए मुझे कोई आश्चर्य नहीं है. जनता सब कुछ देख रही है. विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को उसके कर्मों का जवाब मिलेगा. कल्याण बनर्जी मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं इसलिए उनके बयान पर टिप्पणी नहीं करूंगा.
इसे भी पढ़ें – ‘हुजूर… 2 साल बाद बेटी की मौत का बदला ले लिया, गिरफ्तार कर लीजिए’




