
NewDehi : अगर केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनती है तो दो बजट पेश किये जायेंगे. इनमें से एक राष्ट्रीय बजट होगा जबकि दूसरा किसानों का बजट होगा. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को यूपी के बाराबंकी में आयोजित रैली में यह बात कही. राहुल ने हैदरगढ़ तहसील के चौबसी गांव में एक जनसभा में कहा, कांग्रेस किसानों हित के लिए ऐतिहासिक कार्य करने जा रही है. केंद्र में अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो इस बार दो बजट पेश होंगे. एक राष्ट्रीय बजट होगा और दूसरा किसानों का बजट होगा. अब हिंदुस्तान के किसी भी किसान को कर्जा न लौटाने पर जेल नहीं भेजा जायेगा.
राहुल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल किया कि पिछले पांच साल में उनकी सरकार ने क्या किया ? आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने का वादा करने वाले मोदी एक लाख युवाओं को भी रोजगार नहीं दे पाये. मोदी ने रोजगार देने के वादे पर युवाओं से झूठ बोला. बता दें कि बाराबंकी लोकसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया के बेटे तनुज पुनिया पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंःबेगूसराय: कन्हैया के समर्थकों और ग्रामीणों में झड़प, लोगों को घर में घुसकर पीटा
मोदी ने 15 लोगों की मदद करने वाली सरकार चलाई
राहुल गांधी ने कहा कि पिछले पांच साल में मोदी ने 15 लोगों की मदद करने वाली सरकार चलाई है. कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अचानक नोटबंदी का फैसला लिया गया और पूरे देश को लाइन में लगा दिया गया. राहुल ने कहा, हमारी सरकार के सत्ता में आते ही गरीब लोगों के लिए न्यूनतम आय गारंटी योजना शुरू होगी.
राहुल गांधी ने न्यूनतम आय गारंटी योजना को दुनिया की सबसे बड़ी न्यूनतम आय योजना करार दिया. कहा कि इस योजना के तहत देश के लगभग 20 प्रतिशत परिवारों यानी करीब पांच करोड़ लोगों को न्यूनतम आय के तौर पर सालाना 72000 रुपये दिये जायेंगे . यह रकम महिलाओं के खातों में भेजी जायेगी. उन्होंने कहा कि गरीबों को इस योजना का लाभ, देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाए बिना दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ेंः ‘चौकीदार चौर है’ बोल पर राहुल ने जताया खेद, कहा- उत्तेजना में दिया बयान




