
New Delhi: बिहार में पहले चरण के वोटिंग के दौरान राजनीति भी चरम पर है. मुंगेर में मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिस फायरिंग को लेकर आरजेडी और कांग्रेस बिहार सरकार पर हमलावर हैं. तेजस्वी के बाद कांग्रेस ने मुंगेर जिले में देवी दुर्गा के मूर्ति विसर्जन के दौरान कथित तौर पर हुई पुलिस गोलीबारी की घटना को लेकर बुधवार को राज्य की जदयू-भाजपा सरकार पर हमला बोला और सवाल किया कि क्या नीतीश कुमार की सरकार में अब पूजा करना और मूर्ति विसर्जन अपराध हो गया है.
पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मुन सिंघवी ने आरोप लगाया कि ‘सुशासन बाबू’ की सरकार में बिहार में अपराध और खासकर जघन्य अपराध के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘ मुंगेर में मां दुर्गा के भक्तों पर आक्रमण किया गया. इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए. यह सब इस पावन महीने में किया गया. बिहार और भारत में मां दुर्गा का क्या स्थान है, यह बताने की जरूरत नहीं है.’
इसे भी पढ़ेंः बिहार चुनाव : विपक्ष का मंत्र रहा है, पैसा हजम परियोजना खत्म… पीएम मोदी का विपक्ष पर तंज
क्या मूर्ति विसर्जन पाप है?
सिंघवी ने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस की ओर से बर्बरता और क्रूरता की हर सीमा को पार किया गया है. उन्होंने सवाल किया, ‘ क्या यह जलियांवाला बाग में गोलीबारी का आदेश देने वाले जनरल डायर वाला व्यवहार नहीं है?’
कांग्रेस नेता ने यह भी पूछा, ‘क्या सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए विसर्जन करना पाप है? क्या अब बिहार में पूजा करना अपराध हो गया है?’ सिंघवी ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरों के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि नीतीश कुमार की सरकार में 2005 से 2019 के दौरान जघन्य अपराधों में बढ़ोतरी हुई है. प्रतिदिन औसतन 750 जघन्य अपराध होते हैं. बड़े पैमाने पर महिला विरोधी अपराध होते हैं. हत्या के मामले में बिहार का स्थान पूरे देश में दूसरे स्थान पर है. दंगों में 40 फीसदी की वृद्धि हुई है.
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के एक दिन पहले मुंगेर जिले में देवी दुर्गा की मूर्ति के विसर्जन के दौरान गोलीबारी और पथराव होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और सुरक्षाकर्मियों सहित दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. यह घटना मुंगेर शहर के कोतवाली थाना अंतर्गत दीन दयाल उपाध्याय चौक पर सोमवार देर रात हुई.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस गोलीबारी में 20 साल के एक युवक की मौत हो गयी. हालांकि प्रशासन ने कहा कि वह भीड़ के बीच से किसी के द्वारा चलाई गई गोली से मारा गया था.
इसे भी पढ़ेंः चिराग के बोल, नीतीश राजद के संपर्क में, चुनाव बाद महागठबंधन के साथ चले जायेंगे…




