
Jamtara: झारखंड के दोनों विधानसभा सीटों पर महागठबंधन की जीत पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह जामताड़ा विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई बांटी व पटाखे फोड़े. मौके पर विधायक ने महागठबंधन के दोनों ही प्रत्याशी को जीत की बधाई दी. कहा मेहनत, लगन और जनता के विश्वास के कारण आज इतनी बड़ी जीत हुई है. कहा कि उन्होंने पूर्व में ही स्पष्ट किया था कि महागठबंधन इन दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी. जनता का मोह भाजपा से भंग हो चुका है. इनका असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है. झूठ फरेब व षड्यंत्र कर लंबी राजनीति नहीं किया जा सकता. भाजपा के तीन पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्र के बड़े-बड़े नेताओं ने दुमका में कैंप कर धन, बल, छल, कपट से जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया. परंतु जनता ने किसी की नही सुनी. विधायक ने कहा भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है. अब वह दिन दूर नहीं जब पूरे देश से भाजपा का सफाया हो जाएगा.
जिलाध्यक्ष ने जनता को दी बधाई
मौके पर उपस्थित जामताड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुक्ता मंडल ने दुमका व बेरमो की जनता को बधाई दी. कहा कि जनता ने ईमानदारी से गठबंधन को वोट दिया है. कहा कि जामताड़ा विधायक ने भी गठबंधन प्रत्याशी की जीत के लिए काफी मेहनत की है. उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है कि महागठबंधन ने दोनों ही सीटों से जीत दर्ज की.
मौके पर राजा साहब, विनोद क्षत्रिय, बुलु चक्रवर्ती, आरसी सहित अनेक लोग उपस्थित थे.




