
New delhi: देश में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन कोरोना संक्रमितों की संख्या चार लाख के पार हो गई है. गुरुवार को देशभर में कुल 4.14 लाख नए मामले सामने आए और 3927 लोगों की मौत हुई. खासकर दस दिनों के दरम्यान देश में हुई मौतों ने सभी रिकार्ड ध्वस्त कर दिये हैं.
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार पिछले दस दिनों में कुल 36,110 मौतें हुईं. किसी भी देश में दस दिनों में यह सर्वाधिक मौतें हैं. डब्ल्यूएचओ के मुताबिक अमेरिका में 10 दिनों में 34,798 लोगों की मौत हुई थी. ब्राजील में 10 दिनों में 32,692 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी. इन आंकड़ों से जाहिर हो रहा है कि पिछले दस दिनों प्रति घंटे डेढ़ सौ लोगों की जानें गईं.
गुरुवार को सोलहवां दिन रहा जब देश में रोजाना संक्रमितों ने तीन लाख का आंकड़ा पार किया हो. देश में पिछले 24 घंटे में कुल 4,14554 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं. बुधवार को 4,12,784 लोग संक्रमित पाए गए थे. 13 राज्यों में पिछले 24 घंटे में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई है.
महाराष्ट्र में भी मौतों की संख्या में कमी आती नहीं दिख रही है। बीते 24 घंटे में यहां 853 लोगों की मौत हुई. उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और दिल्ली में मौत का आंकड़ा 300 से अधिक रहा। छत्तीसगढ़ में 200 से अधिक की जान गई. तमिलनाडु में 195, राजस्थान में 161, प. बंगाल में 117 लोगों की मौतें हुईं.




