JharkhandLead NewsRanchi

सात हजार पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण स्थगित, लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर मुख्यालय ने जारी किया आदेश 

Ranchi : लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस महकमा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. चुनाव के दौरान कोई खलल न पड़े, इसके लिए राज्य में चल रहे विभिन्न प्रशिक्षण को स्थगित कर दिया है. इन प्रशिक्षण संस्था में करीब 7 हजार पुलिसकर्मी प्रशिक्षण ले रहे हैं. डीजीपी के आदेश पर आईजी प्रशिक्षण ने आदेश जारी कर दिया है. जारी आदेश में बताया गया है कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर चुनाव से संबंधित कार्य, तैयारी के लिए राज्य में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण को 6 मार्च से स्थगित किया जाता है. उक्त सभी प्रशिक्षण संस्थानों के प्रमुख को निर्देश दिया जाता है कि अपने-अपने प्रशिक्षण संस्थानों से सभी प्रशिक्षुओं को अपने पैतृक जिला, ईकाई, वाहिनी वापस करना सुनिश्चित करेंगे. शेष बचे प्रशिक्षण आगामी लोकसभा चुनाव-2024 के पश्चात् अलग से आदेश निर्गत किया जायेगा.

एक दर्जन प्रशिक्षण संस्थान में चल रहा था प्रशिक्षण

राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों का पांच तरह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. करीब सात हजार पुलिसकर्मी आईआरबी बुनियादी, आयुधिक अधिष्ठापन, अधिष्ठापन प्रशिक्षण, पीटीसी और एसपीसी का प्रशिक्षण ले रहे थे. राज्य के विभिन्न जिलों सहित पुलिस के अन्य विंग में तैनात पुलिसकर्मियों का धनबाद के गोविंदपुर में स्थित जैप-3, देवघर स्थित जैप-5, रांची के होटवार स्थित जैप-10, रांची के टाटीसिलवे स्थित जैप-2, जमशेदपुर स्थित जैप-6, पलामू के लेस्लीगंज स्थित जैप-8, रांची के होटवार स्थित केन्द्रीय आयुध कर्मशाला, मुसाबनी के स्वासपुर स्थित सीटीसी, हजारीबाग के पदमा स्थित झासपु प्राशिक्षण केन्द्र, नेतरहाट स्थित जंगल वारफेयर स्कूल और रांची स्थित झारखंड जगुआर में प्रशिक्षण चल रहा था. प्रशिक्षण के लिए चुनाव के बाद अलग से आदेश जारी किया जाएगा.

कानून व्यवस्था के साथ कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती है पुलिस

चुनाव में पुलिस कानून व्यवस्था संभालने के साथ कई अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां पुलिस निभाती है. चुनाव को लेकर पुलिस बूथ लेवल पर काम करना शुरू कर दिया है. टीमों ने बूथ स्तर पर हर जानकारी बीट बुक में दर्ज कर अधिकारियों को रिपोर्टिंग करना शुरू कर दिया है. बूथ स्तर पर छानबीन शुरू कर दी है. वांछित, हिस्ट्रीशीटरों के अलावा ऐसे अपराधियों की जानकारी पुलिस जुटा रही है. जिनके विरुद्ध पूर्व में हुए चुनावों में मामले दर्ज हैं. बता दे कि राज्य का पुलिस महकमा लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारी में जुटी है. इसको लेकर राज्य स्तरीय वरीय पुलिस पदाधिकारियों का एकदिवसीय प्रशिक्षण भी दिया गया. कार्यक्रम में डीजीपी अजय कुमार सिंह समेत वरीय अधिकारी, रेंज के आईजी, डीआईजी, एसएसपी, एसपी, जिलों के चुनाव कोषांग के डीएसपी शामिल थे. भयमुक्त, शांतिपूर्ण तथा सुरक्षित सम्पन्न कराने के लिए विभिन्न बिन्दुओं से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया.

 

Related Articles

Back to top button