
Giridih : नक्सलियों की ट्रेनिंग के लिए कुख्यात एवं चर्चित झुमरा पहाड़ स्थित झुमरा गांव और इसके आसपास के गांव-टोलों में लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव का जबरदस्त उत्साह देखा गया. सुबह साढ़े छह बजे से ही झुमरा जोन के बूथों पर ग्रामीण मतदाता वोट देने पहुंचने लगे.झुमरा गांव स्थित एकमात्र बूथ संख्या 44 पर मतदाताओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह 10 बजे तक इस बूथ में 30 फीसदी मतदान हो चुका था. यहां कुल 709 वोटर्स हैं.
पहाड़ पर झुमरा गांव और इसके विहंगम टोले सिमराबेड़ा, सुअरकटवा, बलथरवा, मुर्गा टोला व जमनीजारा के मतदाता अपने मत का प्रयोग करते हैं. सिमराबेड़ा,सुअरकटवा और बलथरवा झुमरा से 3 से 5 किमी दूर हैं. लेकिन, कड़ी धूप और दुर्गम रास्ते भी मतदाताओं के जोश को कम नहीं कर सके.इसी प्रकार, झुमरा के रहावन स्थित बूथ संख्या 40, 41 व पचमो के 42, 43 में भारी संख्या में मतदाता वोट डालने के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़े रहे.

लुगू के गांवों में भी गजब का उत्साह
लुगू की तलहटी में बसे गांवों में भी ग्रामीण मतदाताओं में गजब का उत्साह दिख रहा है. तिलैया के बूथ संख्या 46, 47, खखंडा के बूथ संख्या 166, 167 सहित दनिया आदि के बूथों पर भी लोगों की लंबी-लंबी कतारें दिख रही है, जो बताता है कि लोकतंत्र के प्रति ग्रामीण मतदाताओं में कितना उत्साह है.
इसे भी पढ़ें – कमजोर हो रहा है पुलिस का इंफॉर्मेशन नेटवर्क, बढ़ रहे अपराध
बेरमो सीओ ने कहा शांतिपूर्वक हो रहा मतदान
बेरमो सीओ मनोज कुमार ने गांधीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले 37 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और मतदान की स्थिति का जायजा लिया, सीओ ने कुरपनिया, गांधीनगर, बारीग्राम, बैदकारो, सन्डे बाजार, चार नंबर, फ्राइडे बाजार, जरीडीह बाजार, बेरमो स्टेशन आदि क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों में जाकर मतदान कर्मियों से जानकारी ली और दिशा-निर्देश भी दिये. सीओ ने कहा कि बेरमो प्रखंड में मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है. दोपहर 12 बजे तक लगभग 40 फीसदी मतदान हो चुका था. सुबह मतदान का प्रतिशत काफी ज्यादा था, दोपहर में प्रतिशत घटा है, उम्मीद है कि दोपहर के बाद मतदाता घर से निकलेंगे और मत का प्रतिशत बढ़ेगा.
चूल्हा चौकी बाद में मतदान पहले
गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के डुमरी व बेरमो विधान सभा के सुदूर गांवों के मतदान केंद्रों में महिलाएं वोट डालने के लिए दोपहर तक डटी रहीं. वैसे तो गांवों की दिनचर्या सुबह महिलाएं चूल्हा चौकी के साथ करती हैं लेकिन आज हालत कुछ अलग हीं बयां कर रही थी. आज वोट को लेकर महिलाओं में ऐसा उत्साह था कि सुबह में महिलाओं ने चूल्हा चौकी व जलपान को छोड़कर पहले मतदान को चुना. महिलाएं ने अपने-अपने घरो की जिम्मेदारी कुछ घंटों के लिए पुरुषों के कंधे पर देकर निकल पड़ी. यहीं कारण रहा कि दोपहर 2 बजे तक ग्रामीण क्षेत्र के मतदान केंद्रों में 60 फीसदी मतदान हो चुका था .
जानकारी के अनुसार गोमिया विस में दोपहर एक बजे तक जिला जनसंपर्क विभाग से 53.66, बेरमो विधान सभा में 48.83 फीसदी मतदान हुआ . गांवों में यातायात के सुलभ साधन नहीं होने के बावजूद महिलाए गोदी में छोटे-छोटे बच्चे को लेकर निकलीं. लंबी दूरी सफर तय कर मतदान केंद्र तक पहुंची. महिलाओं ने पूछने पर कहा कि आज जलपान नहीं सीधे दोपहर का भोजन (कलवा) बनायेगी . . मतदाता जागरूकता अभियान के असर के कारण भी मतदान मे भारी इजाफा हुआ है. गांवों में कई बूथों 80 फीसदी से अधिक मतदान चार बजे तक होने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें – 37 डिग्री सेल्सियस की तपिश झेल रहे लोगों को बिजली, पानी से होना पड़ रहा महरूम




