
Ranchi: एचइसी में लंबित वेतन भुगतान व सुचारु तौर पर संचालन किये जाने को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है. पत्र लिखकर वर्तमान वस्तुस्थिति से अवगत कराया. पत्र के माध्यम से राष्ट्रपति को बताया गया कि एचइसी में कार्यरत अधिकारियों का 14 माह व कर्मचारियों का 11 माह से वेतन लंबित है. जिससे यहां कार्यरत सभी अधिकारियों व पदाधिकारियों की स्थिति बद से बदतर हो गयी है. इस मामले को लेकर अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, निदेशक मंडल एवं वरीय पदाधिकारियों से लंबित भुगतान और कंपनी की स्थिति की जानकारी देने के लिये कई बार वार्ता भी हुई. परंतु कुछ नहीं हुआ.
इसे भी पढ़ें: ईडी के अधिकार को झारखंड सरकार ने हाई कोर्ट में दी चुनौती, सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी थी याचिका
अधिकारियों व कर्मचारियों ने राष्ट्रपति को पत्र के जरिये बताया कि वेतन नहीं मिलने से अपनी दैनिक जरुरतों को पूरा करने में असमर्थ हो गये हैं. यहां तक की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि दुकानदार भी उधार देना बंद कर दिये हैं. अधिकारियों व कर्मचारियों ने कहा है कि यदि अगले 30 दिनों में अधिकारियों व कर्मचारियों का बकाया वेतन भुगतान नहीं किया जाता है और कंपनी को आगे चलाने के लिये वस्तुस्थिति से अवगत नहीं कराया जाता तो ऐसी विषम परिस्थिति में कोई भी घटना होती है तो उसकी पूरी जिम्मेवारी प्रबंधन, भारी उद्योग मंत्रालय व भारत सरकार की होगी.




