
Kolkata : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लॉकडाउन के बीच में ही राज्य के चाय बागानों को खोलने की मंजूरी दे दी है. गुरुवार अपराह्न राज्य सचिवालय में मीडिया से मुखातिब हुई सीएम ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर 15 फीसदी चाय बागानों को चालू रखने की अनुमति दी गयी है.
इस में काम करने वाले मजदूरों और अन्य कर्मचारियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग के प्रावधानों का विशेष तौर पर ख्याल रखने को कहा गया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दो दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि केंद्र सरकार चाय बागानों को खोलना चाहती है लेकिन वहां के मजदूर डरे हुए हैं इसीलिए बागान फिलहाल नहीं खोलेंगे लेकिन अब उन्होंने खुद ही इसकी अनुमति दे दी.
इसके अलावा राज्य के खुदरा और अन्य कुटीर उद्योगों को भी चालू करने की अनुमति दी है. सीएम ने कहा कि इस बात का विशेष तौर पर ख्याल रखना होगा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो और भीड़भाड़ ना हो.
लोगों के जीवन के लिए आवश्यक चीजों के परिवहन के लिए भी उन्होंने व्यवस्थाएं करने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ेंः रामगढ़ डीइओ ने फेसबुक पर लिखा ‘क्रिमिनल तबलीगियों की कुटाई अब जरूरी’, सरकार ने दिया नोटिस
उद्योग जगत को दी बड़ी जिम्मेदारी
इसके अलावा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के उद्योग जगत को बड़ी जिम्मेदारी उठाने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि बाजारों में लोग नियमित चीजें खरीदने के लिए जा रहे हैं.
इन बाजारों को सैनिटाइज करके रखना जरूरी है. उद्योग जगत को कम से कम एक एक बाजार की जिम्मेदारी लेनी चाहिए.
इसे भी पढ़ेंः कोरोना से लड़ने के लिए केंद्र ने दिया 15000 करोड़ का इमरजेंसी पैकेज, कई राज्यों को मिलेगा पैसा
वाणिज्यिक लाइसेंस रिन्यूअल की मियाद बढ़ाई
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्रेड लाइसेंस के रिन्यूअल की मियाद बढ़ा दी है. उन्होंने कहा कि 30 जून तक इसे रिन्यू कराया जा सकता है. सीएम ने कहा कि जहां-जहां भी बाजार दुकान आदि खोलने की अनुमति दी गयी है, वहां सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष तौर पर ख्याल रखना होगा.
उल्लेखनीय है कि लॉकडाउन के बावजूद मुख्यमंत्री ने धीरे-धीरे कई उद्योगों को शुरू करा दिया है. इसमें बेकरी, मिठाई और फूल बाजार शामिल हैं. फूल मंडी भी लगाने की छूट दी है. बीड़ी के कारोबार करने वालों को भी सीएम ने काम करने की छूट दी है और अब आंशिक तौर पर चाय बागान भी चालू कर दिए गये.
इसे भी पढ़ेंः #FightAgainstCorona: प्राइवेट क्लीनिकों में कार्यरत डायलिसिस टेक्नीशियनों की सेवा लेगा रिम्स प्रबंधन




