
Asansol : भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा शुक्रवार को राज्य भर में प्रदर्शन किये गये. आसनसोल में भी जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया जिसमें कई बार पुलिस से भाजपाइयों की झड़प भी हो गयी. इस कारण शहर दिन भर रणक्षेत्र बना रहा.
आसनसोल में भाजयुमो की ओर से आसनसोल नगर निगम का घेराव कर वहां प्रदर्शन करने की योजना थी. लेकिन इससे पहले ही तृणमूल कांग्रेस की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर के बहाने हंगामा शुरू हो गया.
इसे भी पढ़ें : पत्नी की हत्या के आरोपी ने थाने के हाजत में की खुदकुशी, शौचालय में मिला शव
सुबह से ही जुटने लगे थे भाजपा कार्यकर्ता

सुबह से ही तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के हजारों कार्यकर्ता शहर के बीचोंबीच जमा होने शुरू हो गये. दोनों राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट अप्रिय घटना की आशंका के मद्देनजर पुलिस की ओर से शहर के बाजार इलाके में पांच जगह बैरिकेडिंग की गयी थी.
रह-रहकर टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प और मारपीट की भी खबरें आती रहीं. जहां एक ओर पुलिस ने भाजयुमो समर्थकों को नगर निगम जाने से रोकना चाहा वहीं भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया.
पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर भाजपाइयों को पीटा
बैरिकेड तोड़ने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई. इस भिड़ंत के दौरान कथित तौर पर बमबाजी और पत्थरबाजी भी की गयी. दोनों ओर से हुई पत्थरबाजी में कई लोग घायल बताये जाते हैं.
घटना के बाद पुलिस ने रैफ की मदद से इलाके में हंगामा मचा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया औरक आंसू गैस के गोले छोड़े. काफी हंगामे के बीच दोनों ओर से काफी समय तक पत्थरबाजी होती रही. पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और वहां से भगाया.
इसे भी पढ़ें : 252 पारा शिक्षकों की अवैध नियुक्ति की जांच पर MLA राधाकृष्ण ने उठाये सवाल
पुलिस की पिटाई में 14 कार्यकर्ता घायल : BJP

भाजपा की ओर से आरोप लगाया कि टीएमसी ने पुलिस की मदद से उनके कार्यकर्ताओं की पिटाई की है. जिसमें 14 लोग घायल होकर अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं.
आसनसोल के मेयर सह पांडेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि हमलोग यहां रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों के प्राण बचाना चाह रहे हैं. लेकिन भाजपा के लोग जबरन इसमें दखल देने के लिए हंगामा कर रहे हैं.
विधायक ने सांसद बाबुल सुप्रीयो को बंदर कहा
उन्होंने केंद्रीय मंत्री सह आसनसोल के सांसद बाबुल सुप्रियो को बंदर करार दे दिया. मेयर ने कहा कि बाबुल एक बंदर है और ऐसे बंदरो को उन्हें पिंजड़े में कैद करना आता है. उन्होंने कहा कि हम लोगों ने इससे पहले भी कई बंदरो को पिजडें में कैद करने का काम किया है.
वही भाजपा नेता देबाशीष ने तृणमूल पर आरोप लगाते हुए कहा कि तृणमूल कार्यकर्ता की ओर से भाजपा कार्यकर्ता पर गोलियां भी चलाई गयी. उन्होंने कहा की इसका जवाब जनता देगी.
इसे भी पढ़ें : आवासीय प्रमाण पत्रः सिर्फ नाम का है तत्काल आवेदन, एक सप्ताह तक अंचल कार्यालय में ही धूल फांक रहे दस्तावेज




