
Raipur : छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों ने सोमवार को हुए एनकाउंटर में आठ नक्सली मार गिराये हैं. मुठभेड़ में डीआरजी के दो जवानों के भी शहीद होने की खबर है. सुकमा के एसपी अभिषेक मीणा ने जानकारी दी कि एनकाउंटर सोमवार सुबह सकलार गांव में हुआ. मुठभेड़ में एसटीएफ और डीआरजी की टीम शामिल थी. इस मुठभेड़ में 7 से 8 नक्सली भी मारे गये. हमारे दो डीआरजी जवान भी शहीद हो गये. बताया कि एसटीएफ और डीआरजी ने मिलकर एनकाउंटर किया था. बता दें कि सुकमा जिले के सकलार गांव में नक्सली छिपे हुए थे. राज्य में नक्सल विरोधी अभियान के विशेष पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी ने बताया कि सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र के अंतर्गत तेलंगाना सीमा के करीब पुलिस दल ने नक्सल विरोधी अभियान प्रहार चार के दौरान आठ नक्सलियों को मार गिराया है.
डीएम अवस्थी ने बताया कि छत्तीसगढ़ और तेलंगाना सीमा के करीब नक्सली गतिविधि की सूचना मिली थी. सूचना के बाद रविवार शाम सीआरपीएफ, एसटीएफ और डीआरजी का संयुक्त दल रवाना किया गया. बताया कि अभियान को प्रहार चार का नाम दिया गया है. इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया था. अन्य कार्रवाई में नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में बारूदी सुरंग विस्फोट में एक पुलिस जवान शहीद हो गया था और दो अन्य जवान घायल हो गये थे.




