
Palamu : जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के वार्ड 14 कविलाशी गांव स्थित कुएं से सोमवार को एक महिला का शव बरामद किया गया है. शव की पहचान रेहला थाना क्षेत्र के मधुरीडीह तेनवाही गांव निवासी ईश्वरी यादव की पत्नी सोनी देवी (19 वर्ष) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने कविलाशी गांव स्थित कुएं में एक महिला का शव देख, जिसके बाद इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने विश्रामपुर थाना को दी. विश्रामपुर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम हेतु मेदिनीनगर एमएमसीएच में भेज दिया.
थाना प्रभारी धुमा किस्कू ने कहा कि पुलिस हत्या व आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला कुछ स्पष्ट हो पायेगा कि महिला की मौत कुएं में गिरने के बाद हुई या फिर पहले.
सोनी का मायका जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के खुराकला में है. राजकुमार यादव की बेटी सोनी की शादी इसी वर्ष 24 मई को तेनुआही के ईश्वरी यादव के साथ हुई थी. सोनी की मौत की जानकारी खुद उसके ससुराल वालों ने विश्रामपुर थाना को दी. शव का पोस्टमार्टम एमएमसीएच में हुआ.
मृतका के परिवार वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. मेदिनीनगर एमएमसीएच में पोस्टमार्टम के समय मौजूद मृतका के चाचा सुदर्शन यादव ने बताया कि रविवार की रात नौ बजे सोनी की बात हैदराबाद में रह रहे अपने पिता से हुई है. उस समय तक सब ठीक था. सुबह आठ बजे सोनी के पति ने फोन कर तबियत खराब होने की सूचना दी. जब एक घंटे बाद वहां पहुंचे तो पाया कि कुआं के पास उसका शव पड़ा हुआ है. पुलिस पहुंची हुई थी.
उन्होंने कहा कि सोनी के शरीर पर चोट का निशान थे. उसकी हत्या करने के बाद कुएं में शव को फेंक दिया गया. एक लाख रुपये और लैपटॉप की मांग उसका पति करता था. शादी के समय ही इसपर विवाद चल रहा था. छठ में सोनी अपने मायके आई थी. इसके दो दिन बाद 13 नवम्बर को पति उसे लेकर घर गया था.
एसडीपीओ सुरजीत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में पता लगा है कि महिला सुबह में पानी भरने गई थी. इसी दौरान वह कुआं में गिर गई. मायके वालों के आरोप की भी जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : कोरोना टीकाकरण में रामगढ़ को दूसरा स्थान, सीएम हेमंत सोरेन ने किया सम्मानित




