ChatraJharkhand

 चतरा : अपराध की योजना बनाते तीन अपराधी गिरफ्तार, एक सिक्सर, दो पिस्टल बरामद  

Chatra : चतरा जिले की इटखोरी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने देर रात गुप्त सूचना के आधार पर बड़े अपराध की योजना बनाते तीन पेशेवर अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. इटखोरी थाना में गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इटखोरी थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय पीतांबर सिंह खैरवार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के करनी गांव में ललन कुमार रवानी के घर हथियारों से लैस तीन अपराधकर्मी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.

 

इसे भी पढ़ेंः धनबाद में अवैध कोयला कारोबार और डीजीपी के तेवर 

 

इटखोरी थाना पुलिस ने टीम का गठन कर छापेमारी की

प्राप्त सूचना के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए इटखोरी थाना पुलिस की एक टीम का गठन कर छापेमारी के लिए भेजा गया. छापेमारी के दौरान घर से ललन कुमार रवानी के अलावे रंजीत कुमार रजक व बिहार के नालंदा जिला अंतर्गत अस्थावां थाना क्षेत्र के ओम प्रकाश प्रसाद को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद तलाशी के दौरान तीनों के पास से पुलिस ने एक सिक्सर, दो पिस्टल समेत, 23 जिंदा कारतूस व दो मोबाइल बरामद किये हैं.

इसे भी पढ़ेंः धनबाद के तत्कालीन नगर आयुक्त की करतूत से सरकार को 40.32 लाख का नुकसान, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

नालंदा निवासी ओम प्रकाश प्रसाद के पेशेवर अपराधी होने की सूचना मिली

डीएसपी मुख्यालय ने बताया कि गिरफ्तार नालंदा निवासी ओम प्रकाश प्रसाद के पेशेवर अपराधी होने की सूचना मिली है. पुलिस इन तीनों का आपराधिक इतिहास खंगालने का प्रयास कर रही है. इधर गिरफ्तार ललन के परिजनों ने पुलिस पर झूठा केस में फंसाने का आरोप लगाया है. ललन की मां का आरोप है कि ओमप्रकाश उसके दामाद का मित्र है. वह कल शाम में ही उसके घर आया था. ऐसे में ना तो ललन को और ना ही उसके किसी अन्य पारिवारिक सदस्य को ओम प्रकाश के पास हथियार व कारतूस होने की जानकारी थी.

वे लोग महज अतिथि सत्कार में लगे थे. इसी बीच पुलिस ने छापेमारी कर ओम प्रकाश समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया. ललन के परिजनों ने थाना में पुलिस अधिकारियों के समक्ष गुहार लगाई. परिजन मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं  

Related Articles

Back to top button