
Chatra : पुलिस ने जिले में सक्रिय शराब माफियाओं को बड़ा झटका दिया है. गुप्त सूचना के आधार पर चलाये गये विशेष छापेमारी अभियान के दौरान सदर थाना पुलिस की टीम ने अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम ब्राह्मणा परसौना टोला नाला के किनारे बांस के झुंड के पास नकुल दांगी एवं आशीष दांगी नामक तस्करों के द्वारा बड़े पैमाने पर नकली शराब की बोतल एवं ढक्कन एकत्रित किये गये हैं.
प्राप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए प्रशिक्षु अवर निरीक्षक अखिलेश यादव, अनिरुद्ध सिंह व अंकित कुमार झा के संयुक्त नेतृत्व में विशेष दल का गठन कर छापामारी के लिए भेजा गया. हालांकि अभियान के दौरान पुलिस बल को देखकर तस्कर भागने में सफल रहे. एसडीपीओ ने बताया कि तस्करों के भागने के बाद इलाके में सर्च अभियान चलाया गया. इसी दौरान बांस झुंड के पास से प्लास्टिक के सफेद बोरे में बंद खाली शराब की बोतल व बोतल की ढक्कन बरामद किये गये.
इसे भी पढ़ेंः चुनाव आयोग का नया फरमान, प्रिंट मीडिया में मतदान के दिन और एक दिन पहले बगैर प्रमाणित विज्ञापन नहीं छपेंगे
नकली शराब फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था
तस्कर नकुल यादव के पुराने घर की छत में छुपा कर रखी गयी झारखंड देसी शराब तथा भारी मात्रा में खाली शराब की बोतल, स्टीकर व 50 लीटर के गैलन में भर कर रखा हुआ स्प्रिट बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि इंपिरियल ब्लू का 180 एमएल की 160 बोतल, रॉयल स्टैग की 375 एमएल की130 बोतल, बोतल के ढक्कन एक हजार पीस, रॉयल स्टैग शराब बोतल के ढक्कन 40 पीस, 200 एमएल के देसी शराब से भरे पाउच 15 सौ पीस, रॉयल स्टैग के 180 एमएल के स्टीकर 430 पीस, झारखंड देसी शराब के पाउच 150 पीस के अलावे काले रंग के गैलन में 40 लीटर स्प्रिट बरामद किये गये. उन्होंने बताया कि दोनों तस्करों द्वारा अवैध तरीके से नकली शराब फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था. इस मामले में सदर थाना में अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री के संचालन व तस्करी का मामला दर्ज किया गया है. तस़्करों की गिरफ्तारी को लेकर सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ेंः पलामू: झारखंड-बिहार सीमा पर और तेज होगा नक्सलियों के खिलाफ अभियान, सीआरपीएफ आईजी ने की बार्डर की समीक्षा




