
Patna: केंद्र सरकार के अग्निपथ योजना का बिहार में पुरजोर तरीके से विरोध जारी है. इसका खामियाजा अब भाजपा से जुड़े लोगों को उठाना पड़ रहा है. इसी कड़ी में शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल और विधायक विनय बिहारी के घर पर प्रदर्शनकारियों ने हमला कर दिया. इससे पहले बेतिया में उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के घर पर हमला हो चुका है.
सरकार की तरफ से सेना बहाली की नीति बदले जाने को लेकर लगातार उग्र प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. प्रदर्शन के तीसरे दिन आज सुबह से ही बिहार के सभी जिलों में छात्र उग्र आंदोलन करते नजर आ रहे हैं. रेलवे के बाद अब प्रदर्शनकारी छात्र सड़क पर भी उतर गए हैं. लगातार बीजेपी के नेताओं के ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है. छपरा में बीजेपी के विधायक के घर पर हमला हुआ था. इसके बाद बीजेपी कार्यालय के ऊपर भी कई जगह हमला हुआ और आज डिप्टी सीएम रेणु देवी, संजय जायसवाल और विनय बिहारी के आवास पर प्रदर्शनकारियों ने हमला बोला है.




