
Ranchi: चतरा एसपी राकेश रंजन ने मंगलवार को अफीम पर अंकुश लगाने के लिए वन प्रमण्डल पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, परिचारी प्रवर, वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी, थाना, ओपी प्रभारी के साथ अफीम की खेती पर अंकुश लगाने के संबंध में हाई लेवल बैठक की. एसपी की अध्यक्षता में चल रहे हाई लेवल मीटिंग में अफीम अंकुश लगाने की चर्चा की गई. जिले के करीब 12 दर्जन तस्करों के विरूद्ध पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई का निर्देश दिया गया है. इन तस्करों संपत्ति जप्ती की कार्रवाई की जाएगी. इसके लिये पुलिस अधिकारियों को तस्करो के संपत्ति के सत्यापन करने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें: थाना दिवस में जमीन से जुड़े मामलों की होगी सुनवाई, प्रभाग के इंस्पेकटर और एसडीपीओ करेंगे समीक्षा
एनडीपीएस मामले में संलिप्त आरोपी एवं वन विभाग के भूमि पर अतिक्रमण कर अफीम की खेती करने के संबंध में दर्ज मामलों की गांववार सूची तैयार कर 47 एनडीपीएस एक्ट एवं सीआरपीसी की धारा 107 एवं 110 के तहत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. सैटेलाईट इमेज एवं ड्रोन कैमरे से वर्तमान में अफीम की खेती के लिये वैसे स्थानों को चिन्हित करने को कहा गया है. जहां जंगल झाड़ी की कटाई की गई है. इन इलाको में वन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
ग्रामीण क्षेत्र में लोगो को किया जाएगा जागरुक
अफीम की खेती से होने वाले दुष्परिणाम के संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों में बैठक कर व्यक्तियों को जागरूक किया जाएगा. मुखिया, सरपंच, चौकीदार, वनरक्षी, बीज भण्डार दूकानदार, गणमान्य व्यक्तियों एवं अन्य ग्राम अधिकारी को 47 एनडीपीएस एक्ट के तहत नोटिस निर्गत करने का निर्देश पुलिस अधिकारी को दिया गया है. साथ ही यह भी कहा गया है कि किसी भूमि पर अफीम पोस्ता, कैनेबिस के पौधे या कोका के पौधे की अवैध खेती का पता चलता है कि इसकी सूचना अविलम्ब संबंधित थाना को दे. सरकार के प्रत्येक ऐसे अधिकारी, पंच, सरपंच और अन्य ग्राम अधिकारी जो इसकी सूचना नहीं देंगे वह दंड के भागी होंगे.
जानिए क्या होता है पिट एनडीपीएस एक्ट
पिट यानी पीआइटी एनडीपीएस एक्ट 1988 उन गंभीर नशे का कारोबार करने वाले अपराधियों पर लगाया जाता है जो लगातार उस अपराध में शामिल पाए जाते हैं. यह कार्रवाई पुलिस प्रशासन की ओर से की जाती है. यह उन अपराधियों के खिलाफ लगाया जाता है जिनका जेल में बंद किया जाना बेहद जरूरी हो जाता है. यह एक्टा लगने के बाद अपराधी को एक साल तक जमानत नहीं मिल पाती है.




