
Chakradharpur : चाईबासा के गोइलकेरा में नक्सली अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट में तीन जवान घायल हो गए थे. इस घटना के बाद पुलिस रेस हुई और सर्च अभियान चलाकर नक्सलियों की साजिश को नाकाम करते हुए 51 आईईडी को बरामद कर नष्ट कर दिया. नक्सलियों की यह साजिश इतनी बड़ी थी की सुरक्षाबल इसकी चपेट में आ जाते तो बड़ी तादाद में सुरक्षाबल के जवान हताहत होते. लेकिन सुरक्षाबलों ने सुझबुझ से काम लेते हुए नक्सलियों द्वारा लगाये गए सभी आईईडी का पता लगाया और उसके बाद सभी 51 आईईडी को सुरक्षात्मक तरीके से विस्फोट कर नष्ट कर दिया है. ये सभी 51 आईईडी उसी गोईलकेरा थाना क्षेत्र के मेरालगड़ा क्षेत्र से बरामद किये गए जहाँ आज गुरूवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान विस्फोट हुआ था. इस विस्फोट में सीआरपीएफ के 3 जवान घायल हो गए थे. सभी को एयारलिफ्ट कर रांची ले जाया गया. जहाँ सभी का ईलाज मेडिका में चल रहा है. इस घटना के बाद सर्च ऑपरेशन को जिला पुलिस के नेतृत्व में कोबरा 205, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ 60 बटालियन के जव्नों की मदद से और तेज किया गया. सर्च ऑपरेशन में जंगल के कच्ची सडकों पर लगाये गए 51 आईईडी को बरामद किया है.




