
Durgapur : पुलिस ने अंडाल विमान नगरी में आवास बनाने वाली मुंबई की मोहाली कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक भावे हरिहर भट्ट एवं सोनल हरिहर भाई भट्ट को लाखों रुपये गबन करने के आरोप में गिरफ्तार किया. मंगलवार को दोनों आरोपियों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया. पुलिस जांच अधिकारी की अपील पर दोनों को 10 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया.
गिरफ्तार सोनल एवं भावे रिश्ते में भाई-बहन हैं. दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र के बेसन थाना अंतर्गत ओसवाल बांडा सिटी से गिरफ्तार किया गया. इनके खिलाफ दुर्गापुर के मित्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी का 68 लाख रुपया बकाया होने का मामला दुर्गापुर थाने में दर्ज था. मित्रा कंस्ट्रक्शन ने मोहाली कंस्ट्रक्शन पर 26 दिसंबर, 2017 को धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कराया था. पुलिस कंपनी संचालकों को मुम्बई से गिरफ्तार कर दुर्गापुर ले आयी.
इसे भी पढ़ेंः आसनसोलः तेजपाल अपहरण कांड में सीआइडी ने गुजरात से अमित कुमार को किया गिरफ्तार
ये है पूरा मामला
उल्लेखनीय है कि अंडाल विमान नगरी बनाने का जिम्मा बीएपीएल ने सिंपलेक्स लिमिटेड को दिया था. सिंपलेक्स कंपनी ने मुंबई के मोहाली कंस्ट्रक्शन को सब कांटेक्ट के तौर पर विमान नगरी बनाने का दायित्व दिया था. मोहाली कंपनी दुर्गापुर के मित्रा कंस्ट्रक्शन से एक करोड़ 32 लाख रुपए की निर्माण यंत्र किराए के तौर पर लिया था. इसके बीचमोहाली कंस्ट्रक्शन ने मित्रा कंस्ट्रक्शन को कुछ राशि का भुगतान किया था.
मित्रा कंस्ट्रक्शन का मोहाली कंस्ट्रक्शन के पास 68 लाख रुपया बकाया था. मोहाली कंस्ट्रक्शन ने बकाया राशि के भुगतान के लिए जो चेक जारी किये, वे चेक भी बाउंस हो गये थे. मित्रा कंस्ट्रक्शन के संचालक श्यामल मित्रा ने 26 दिसंबर, 2017 को मोहाली कंस्ट्रक्शन पर 68 लाख रुपया धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज कराया था.
इसे भी पढ़ेंः धनबादः बच्चा चोरी का आरोप लगाकर लोगों ने दो महिलाओं को बनाया बंधक, पुलिस ने बचायी जान




