
Koderma : झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन के काफिले में शामिल कार शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस दुर्घटना में चीफ जस्टिस के एस्कॉर्ट वाहन के दो जवान घायल हो गये, जबकि एक जवान को मामूली चोट आयी है.
इसे भी पढ़ें-उद्धव सरकार की किरकिरी, बॉम्बे हाई कोर्ट का आदेश, कंगना का ऑफिस गलत इरादे से तोड़ा, बीएमसी मुआवजा दे…
बता दें कि चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन शुक्रवार को रांची से पटना जा रहे थे. चीफ जस्टिस के काफिले में चार गाड़ियां चल रही थीं. सबसे आगे स्थानीय थाना की एस्कॉर्ट वैन, उसके बाद चीफ जस्टिस की गाड़ी थी. तीसरे नंबर पर स्पेयर गाड़ी और चौथी गाड़ी चीफ जस्टिस के साथ चल रही थी. इसी बीच उनके काफिले में चल रहीं गाड़ियां कोडरमा जिले के तिलैया थाना के पास आपस में टकरा गयीं. हालांकि, इस हादसे में चीफ जस्टिस पूरी तरह से सुरक्षित रहे, लेकिन एस्कॉर्ट वैन में सवार दो जवान प्रकाश थापा और युवराज कुमार के सिर और आंख में गंभीर चोटें आयी हैं. घायलों को झुमरीतिलैया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सभी घायल खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं.
इस बीच चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन कुछ देर कोडरमा परिसदन में रुके रहे. हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, तिलैया थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह, चंदवारा थाना प्रभारी शाहिद रजा वहां पहुंचे और मामले की जानकारी ली. उसके बाद चीफ जस्टिस का काफिला बिहार के लिए रवाना हो गया.
इसे भी पढ़ें-धनबाद सांसद पीएन सिंह को जान का खतरा, किससे है यह खतरा, पता नहीं




