
Ranchi: गोंदा थाना क्षेत्र के सीसीएल गांधीनगर कॉलोनी में नाबालिग की संदेहास्पद तरीके से जलकर मौत हो गयी. नाबालिग की उम्र 15 साल बतायी जा रही है और वह सीसीएल अस्पताल की डाइटीशियन सोमापिका दास के घर काम करती थी.
उसे आनन फानन में देवकमल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. बच्ची का नाम मौसमी बावरी है. वह पश्चिम बंगाल के पुरुलिया की रहने वाली थी.
इसे भी पढ़ें- डबल इंजन की सरकार ने दो साल में बंद किये 4532 सरकारी विद्यालय, 2300 प्राइवेट स्कूलों को दे दी मान्यता
पिछले दो सालों से कर रही थी काम
जानकारी के अनुसार नाबालिग गोंदा थाना क्षेत्र के सीसीएल गांधीनगर कॉलोनी में रहने वाली सीसीएल अस्पताल की डाइटीशियन सोमापिका दास के घर पिछले दो सालों से मेड का काम कर रही थी.
पुलिस के अनुसार बच्ची माचिस से खेल रही थी. इसी दौरान आग लग गयी और बच्ची बुरी तरह से झुलस गयी. आनन-फानन में बच्ची को रांची के देवकमल अस्पताल ले जाया गया. वहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गयी. बच्ची के परिजनों को सूचना दे दी गयी है.
इसे भी पढ़ें- कोनार डैम का टूटना क्यों न बने चुनावी मुद्दा? लगभग 25 सौ करोड़ की योजना को चूहों ने कुतरा था!
घर मे अकेली थी बच्ची
डाइटीशियन सोमापिका दास के ड्यूटी के लिए अस्पताल गयी हुई थीं. इसी दौरान घर में बच्ची के साथ यह हादसा हुआ. घटना के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था. मामले की जानकारी मिलते ही गोंदा पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुट गयी.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. गोंडा थाना प्रभारी अवधेश ठाकुर ने कहा है मामले में यूडी केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट जानकारी मिल सकती है. कई पहलुओं पर जांच की जा रही है.




