
Kandra : आदित्यपुर स्थित बालाजी कृष्णा इंजीटेक में मजदूर घनश्याम महतो (25) की पंचिंग मशीन में कपड़ा फंस जाने के कारण मृत्यु हो गयी थी. झामुमो की पहल पर गुरुवार को कंपनी ने समझौता करते हुए मृतक की पत्नी को मुआवजे के रूप में नौ लाख रुपये का मुआवजा दिया. घनश्याम सरायकेला के नेंगटासाही गांव का रहने वाला था. कंपनी व परिवार के बीच हुए समझौते में नगद पचास हजार व सात चेकों के माध्यम से अलग-अलग कुल नौ लाख रुपये की राशि उसकी पत्नी सनका महतो को सौंपी. मौके पर घनश्याम के पिता चंद्रमोहन महतो के साथ मनोरंजन महतो, लक्ष्मण महतो, परीक्षित महतो, सुभाष महतो, चंदन कुमार महतो आदि उपस्थित थे. वहीं झामुमो की पहल पर मुआवजा दिलाने में पार्टी के केंद्रीय सदस्य रंजीत प्रधान, जिला उपाध्यक्ष अमृत महतो, गोरा दा, नगर अध्यक्ष दीपक मंडल, अनिल सोरेन, गौतम महतो और रवि सरदार उपस्थित थे. झामुमो ने कहा है कि पार्टी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कंपनियों द्वारा पीएफ, ईएसआई और मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी नहीं देने को लेकर उग्र आंदोलन की तैयारी कर रही है. झामुमो मजदूरों पर हो रहे शोषण को बर्दाश्त नहीं करेगा.
इसे भी पढ़ें – हब्बा-डब्बा संचालकों और बालू घाट से लेवी के रूप में बड़ी रकम वसूलता था पीएलएफआई उग्रवादी मंगरा लुगुन




