
Ranchi: रांची में पहली बार दुनिया भर के 30 देशों के एक्सपर्ट 14-15 फरवरी को जुटेंगे. इस दौरान वे कार्बन उत्सर्जन के चैलेंज को कम करने के साथ ही नये इकोनॉमिक मॉडल को लेकर अपने सुझाव साझा करेंगे. इस संबंध में होटल रेडिसन ब्लू में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीड्स (CEEDS) के रमापति कुमार ने बताया कि 2022 में झारखंड सरकार के स्तर से स्पेशल टास्क फोर्स का गठन यहाँ किया गया. चूंकि इस राज्य में आधे से अधिक जिलों में कोयला आधारित इकोनॉमी, कारोबार है. बिजली, स्टील और अन्य कारखाने हैं. ऐसे में जलवायु परिवर्तन का प्रभाव यहाँ भी अब देखने को मिल रहा. एक ऐसी अर्थव्यवस्था की ओर अब बढना जरूरी हो गया है जिसमें कार्बन उत्सर्जन को न्यूनतम या खत्म किया जा सके. इसके लिए ही रांची में टास्क फोर्स के जरिये इस तरह की विशेष कार्यशाला का आयोजन होना है. इसमें 30 देशों के 300 डेलीगेट्स शामिल होंगे. इसके अलावा यूपी, ओडिशा, बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के अलावा झारखंड सरकार के अलग अलग महत्वपूर्ण विभागों के सीनियर अफसर और अन्य भी इसमें शामिल होंगे. अलग- अलग सत्रों में विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी. देश दुनिया के अलावा बाकी राज्यों में कार्बन उत्सर्जन और नये तरह के इकोनॉमी को लेकर किस तरह के काम हो रहे हैं, उनके खट्टे- मीठे अनुभव क्या रहे, इसे जानने के अलावा इस आधार पर राज्य के लिए रोडमैप तैयार करने में मदद मिलेगी.
देश भर की निगाह रांची पर: रस्तोगी
मौके पर पूर्व वन अधिकारी और टास्क फोर्स के चेयरपर्सन एके रस्तोगी ने बताया कि इस कार्यशाला को लेकर देश दुनिया के अलावा सभी राज्यों की भी नजर इस ओर है. देश भर में पहली बार इस विषय को लेकर इतने बड़े स्तर पर इंटरनेशनल कान्फ्रेन्स होने जा रहा है. जापान, साउथ अफ्रीका, साउथ कोरिया सहित दुनियाभर के 30 देशों के 300 डेलीगेट्स के अनुभव बेहद कारगर साबित होंगे. देश दुनिया में कार्बन उत्सर्जन और इसके साथ नये तरह की अर्थव्यवस्था के लिए किए गए प्रयासों को जानने का यह प्रभावी मंच साबित होगा. क्लिन एनर्जी, एनर्जी सेविंग के साथ कैसे सब आगे बढेंगे, इसे समझने में मदद मिलेगी. कोयला और ऊर्जा जरूरतों के सीमित होने से नये तरह से कैसे छोटी- बड़ी इंडस्ट्री आगे बढेगी, पैसे कहाँ से आएंगे, रोजगार कैसे मिलेगा और अन्य बिंदुओं पर भी एक्सपर्ट के विचारों को हमसब जान सकेंगे.
इसे भी पढ़ें: झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीटों पर जीत के लिए कांग्रेस ने की चर्चा, न्याय यात्रा से कामयाबी की उम्मीद




