
- पलामू में पोलिंग बूथ की जगह बदलने के लिए सिर्फ एक प्रस्ताव
- डीसी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
Palamu : पलामू जिले में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन का प्रस्ताव पेंडिंग पड़ा हुआ है. जिला की रिपोर्ट पर मात्र एक विधानसभा क्षेत्र से स्थल बदलने का प्रस्ताव दिया गया है. अन्य विधानसभा क्षेत्रों से स्थल परिवर्तन का प्रस्ताव नहीं मिलने पर विभाग इसे शून्य मानकर आगे की कार्यवाही की तैयारी है.
डीसी शशि रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित सभागार में जिले में निर्वाचन के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान यह मामला सामने आया. बैठक में मुख्य रूप से मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2021 की तैयारियों के बारे में समीक्षा की गयी.
इसे भी पढ़ें – बेरमो और दुमका उपचुनाव: 8 बजे शुरू होगी मतगणना, रुझान 9:30 बजे से
मतदाता सूची पुनरीक्षण समय पर पूरा करने का निर्देश
उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि मतदान केंद्र के पुनर्गठन का प्रस्ताव जिले में निर्धारित समय अवधि में प्राप्त नहीं हुआ है. 78-छतरपुर विधानसभा क्षेत्र से मात्र एक मतदान केंद्र के स्थल परिवर्तन का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, जिसे अनुमोदन हेतु विभाग को भेजा जा चुका है. शेष विधानसभा क्षेत्रों से इस संबंध में रिपोर्ट की मांग की गयी थी, जो अभी तक अप्राप्त है.
निर्धारित समय अवधि में उपरोक्त रिपोर्ट प्राप्त नहीं होने की स्थिति में इस संबंध में जिला की रिपोर्ट शून्य समझी जायेगी. बैठक में डीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारी से मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2021 के सभी कार्यों को समय से निष्पादन करने का निर्देश दिया.
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2021 के तहत मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन दिनांक 16 नवंबर को किया जाना है. डीसी ने निर्वाचन निबंधन नियम 1960 के नियम 10 के अधीन सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन प्रारूप 5 में करते हुए रिपोर्ट को 16 नवंबर 2020 तक जमा करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें –अवैध रूप से ट्रेन टिकट बेचने के आरोपी का पुलिस ने काटा जेल का टिकट
दिव्यांग मतदाताओं की जल्द चिह्नित करने का निर्देश
डीसी ने कहा कि वर्तमान में सभी विधानसभा क्षेत्रों में जेंडर रेशियो को लेकर निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया जा सका है, जिसके लिए जरूरी है कि छूटी हुईं निबंधित महिला मतदाताओं का निबंधन मतदाता सूची में कराना सुनिश्चित किया जाये. इसके अलावा डीसी ने बूथवार दिव्यांग मतदाताओं को भी चिह्नित करने का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें – बस्तर के कुम्हार ने बनाया मैजिक लैंप, 24 से 40 घंटे तक देगा रौशनी
28 नवंबर से मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने दावा आपत्ति प्राप्त करने की अवधि में आयोजित किये जानेवाले विशेष कैंप की तैयारी संबंधित कार्य योजना की भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन अवधि में सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित करने हेतु तिथि निर्धारित की गयी है.
28, 29 नवंबर और 5 और 6 दिसंबर को आयोजित किये जानेवाले विशेष अभियान में सभी बीएलओ मतदान केंद्र पर उपस्थित होकर संबंधित व्यक्तियों से दावा आपत्ति संबंधित प्रपत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करेंगे. विशेष अभियान के दौरान प्राप्त पत्रों की विवरणी उसी दिन ई-मेल के माध्यम से जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध करायेंगे.
इसे भी पढ़ें –सहकारिता विभाग: लाखों गबन के आरोपी की कर दी गयी प्रतिनियुक्ति
नुक्कड़ नाटक, डिबेट कॉम्पटीशन आयोजित करने का निर्देश
डीसी ने मतदाता जागरूकता अभियान का संचालन मतदान केंद्र से लेकर जिला स्तर तक कराने का निर्देश दिया. स्वीप के तहत संचालित किये जानेवाले विभिन्न कार्यक्रमों यथा नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, खेलकूद प्रतियोगिता, जिसका थीम मतदाता सूची निबंधन हो, उनका आयोजन करने का निर्देश दिया. बैठक में जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें –झारखंड में अपने किस बड़े भाई को तेजस्वी ने कहा शुक्रिया!




