
Dhanbad: धनबाद के केंदुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत केंदुआ 5 नंबर के समीप रविवार को एक प्रेमी ने प्रेमिका का धारदार हथियार से गला रेत दिया. जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को इलाज के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि प्रियंका देवी नामक महिला को उसके प्रेमी सूरज कुमार ने रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया. महिला ने बताया कि चार साल से उसका सूरज कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. जिसके बाद शनिवार की शाम युवक ने महिला को मिलने बुलाया था. लेकिन महिला ने मिलने से इंकार कर दिया. वही युवक ने रविवार की सुबह महिला पर धारदार हथियार से हमला कर गला रेत दिया.
हमलावर युवक सूरज कुमार अलीगंज नवादा का रहने वाला बताया जा रहा है. जो अपने मित्र के घर बरमसिया में आया हुआ था. वही घायल महिला के पति का नाम विजय शर्मा है. जो केरल में पाइप लोडिंग का काम करता है. मामले की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.




