Jamshedpur

रांची गिरोह के साथ मिलकर की थी बोलेरो पिकअप की चोरी, तीन गिरफ्तार

पेशे से गैरेज संचालक नेक मोहम्मद ने दिया था वाहन चोरी की घटना को अंजाम, दो हैं रांची के नगड़ी और हिन्द पीढ़ी के रहने वाले

Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बगान एरिया रोड नंबर-4 निवासी भीम कामत की बोलेरो पिकअप वाहन की चोरी की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने इस मामले में धतकीडीह सोनार लाइन स्थित रेडियो मैदान के पास के रहने वाला नेक मोहम्मद उर्फ गोपी के अलावा रांची के हिंद पीढ़ी के रहने वाले  मो राजू और नगड़ी के जावेद अख्तर को गिरफ्तार किया है. उनके पास से चोरी गये बोलेरो पिकअप संख्या-जेएच 05बीएफ -1241 बरामद किया गया है. साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार संख्या-जेएच05पी-7772 बरामद करने के अलावा आरोपियों के पास से चार मोबाइल भी जब्त किया है. घटना 16 दिसंबर की रात की है. इस मामले में भीम कामत ने सिदगोड़ा थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. पुलिस ने अनुसंधा के क्रम में नेक मोहम्मद समेत अन्य आरोपियों को धर-दबोचा और मामले का पर्दाफाश करने में सफलता पाई. मामले में गिरफ्तार नेक मोहम्मद सिदगोड़ा में गैरेज चलाता है. इसकी जानकारी देते हुए सिदगोड़ा थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि नेक मोहम्मद ने रांची के अपराधियों से मिलकर इस कांड को अंजाम दिया था.

घाघीडीह जेल में अफसर से हुयी थी दोस्ती

मामले की जांच पता चला कि नेक मोहम्मद एक आपराधिक घटना में बीते महीनो घाघीडीह जेल गया था. वहां रांची का रहने वाला अफसर भी बंद था. जेल में ही दोनों की दोस्ती हुई. फिर बाहर निकलने पर दोनों ने मिलकर सिदगोड़ा से बोलेरो चोरी करने की योजना बनाई. उसके बाद नेक मोहम्मद ने रेकी कर सारे फोटग्राफ अफसर को भेजे. घटना के दिन अफसर अपने दो साथियों के साथ जमशेदपुर पहुंचा. उसके बाद चारों ने मिलकर बोलेरो चोरी की घटना को अंजाम दिया. हालांकि उसके कुछ दिन बाद ही अफसर को चोरी की बोलेरो के साथ रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. उसके बाद सिदगोड़ा पुलिस ने नेक मोहम्मद की भी गिरफ्तारी करने के साथ रांची के रहनेवाले दो अन्य आरोपियों को भी धर-दबोचा. उन तीनों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

छापेमारी दल में ये थे शामिल

पुलिस की छापेमारी दल में सिदगोड़ा थाना प्रभारी रंजीत कुमार के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक श्रीराम शर्मा, बिरेन्द्र कुमार, नितेश कुमार ठाकुर, मामले के अनुसंधानकर्ता सहायक अवर निरीक्षक देवी दयाल भगत एवं  सशस्त्र बल शामिल थे.

इसे भी पढ़ें- पुलिस बल उतारकर एमजीएम अस्मेंपताल में प्रदर्शनकारियों को शांत कराया, मामला एमजीएम में जच्चा-बच्चा की मौत का

Related Articles

Back to top button