
Bokaro : बोकारो स्टील में काम करनेवाली ठेका कंपनी एनॉक्स कंपनी में कार्यरत कर्मचारी को दबंगों ने पीट दिया. दबंगों ने उसे नंगा कर पीटा और उसका वीडियो भी बनाया. साथ ही धमकी दी कि अगर जैसा वे चाहते हैं, वैसा नहीं हुआ, तो वीडियो इंटरनेट पर डाल देंगे.
इसे भी पढ़ें- पीएम के प्रोग्राम के लिए डीटीओ ने बसें मांग स्कूलें बंद करायीं
जानकारी के मुताबिक, रंजीत कुमार एनॉक्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी में कार्य करते हैं. उन्होंने दिलीप ठाकुर और सोनू सिंह नाम के लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवायी है. उन्होंने बताया कि इन दोनों ने उन्हें 18 सितंबर को धमकी दी थी. इसके बाद जब शाम को रंजीत अपने घर जा रहे थे, तो आठ से दस लोगों ने उन्हें अगवा कर लिया और किसी और जगह ले गये. वहां अपराधियों ने उन्हें नंगा कर पीटा और वीडियो बनाया. साथ ही धमकी दी कि कंपनी का कोई भी टेंडर हो, वो उन्हें ही मिलना चाहिए. रंजीत ने इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज करवा दी है. बताया जा रहा है कि रंजीत के साथ पहले भी मारपीट हुई है, लेकिन तब उन्होंने केस नहीं किया था. अब शिकायत दर्ज करवाने के बाद पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है.




