
Ranchi: भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर की ओर से गुरुवार को महानगर अध्यक्ष के.के गुप्ता के नेतृत्व में जिला स्कूल मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक आक्रोश प्रदर्शन मार्च निकाला गया. इस दौरान भाजपा के हजारों कार्यकर्ता हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखे तख्तियां एवं झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में जिला स्कूल मैदान से उपायुक्त कार्यालय पहुंचे. साथ ही कार्यालय के समीप धरना भी दिया. मौके पर धरना को संबोधित करते हुए केके गुप्ता ने कहा कि इंडी अलायंस के द्वारा देश के उपराष्ट्रपति, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के अपमान से पूरा ओबीसी एवं जाट समाज के साथ–साथ पूरा देश अपमानित महसूस कर रहा है. इंडी एलायंस में शामिल भ्रष्टाचारियों की जमात ने कभी देश के आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तो कभी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का तो कभी उप राष्ट्रपति महोदय का अपमान कर देश को कलंकित किया है. इस अपमानजनक घटना के लिए इंडी एलायंस के पोस्टर बॉय राहुल गांधी को अविलंब देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए.
श्री गुप्ता ने झारखंड विधानसभा प्रकरण पर कहा कि झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सत्ताधारी दल के इशारे पर भारतीय जनता पार्टी के विधायकों को अपमानित कर रहे हैं. जनता की आवाज उठा रहे विपक्ष के विधायकों को सदन से निलंबित करना झारखंड की साढ़े तीन करोड़ जनता के आवाज को दबाने जैसा है. राज्य में कानून का इकबाल समाप्त हो चुका है. राज्य में लूट, हत्या एवं बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. भ्रष्टाचार के मामले में झारखंड देशभर में सुर्खियां बटोर रहा है.
मौके पर पार्टी के सुबोध सिंह गुड्डू ने कहा कि झारखंड की जनता कांग्रेस- JMM की भ्रष्ट सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए आतुर है. आक्रोश प्रदर्शन एवं धरने का संचालन महामंत्री वरुण साहु एवं धन्यवाद ज्ञापन जितेन्द्र सिंह पटेल ने किया. आक्रोश प्रदर्शन में मुख्य रूप से सत्यनारायण सिंह, सीमा शर्मा, रमेश सिंह, संजीव विजयवर्गीय, ज्योति सिन्हा, अनिता क्षेत्री सहित हजारों पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल हुए.
विरोध प्रदर्शन के पश्चात पांच सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी, रांची से मिलकर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की बर्खास्तगी की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में पहली बार बाढ़ से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने धुर्वा डैम सहित सभी 24 जिलों में किया मॉक ड्रिल




