
Deoghar: नववर्ष के मौके पर शुक्रवार को अलग-अलग क्षेत्र में घटी सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये हैं. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है जिसमें से गंभीर रूप से घायल देवीपुर थाना क्षेत्र के लंबा गांव निवासी सहदेव यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
पहली घटना देवीपुर बुढ़ई मार्ग में घटी जिसमें एक बाइक व एक बोलेरो वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर में 7 लोगों के घायल होने की सूचना है जिसमें भगत यादव पछियारी कोठिया जसीडीह, प्रमोद कुमार पूरी, कुंदन कुमार, बबलू कुमार, व लंबा गांव निवासी सहदेव यादव शामिल हैं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से देवीपुर पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए राष्ट्रीय सेवा की डायल 108 एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीर रूप से घायल सहदेव यादव को हायर सेंटर रेफर कर दिया.
खंडोली से नव वर्ष का जश्न मना कर लौट रहे बोलेरो वाहन व बाइक के बीच टक्कर हो गयी. बाइक सवार लंबा गांव निवासी सहदेव यादव अपने घर लौट रहे थे. वहीं दूसरी घटना कुंडा थाना क्षेत्र के चांदडीह बेला मोड़ के समीप घटी जिसमें बाइक सवार बेला गांव निवासी राजेंद्र गोस्वामी घायल हो गये जिनका इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है.
बताया जाता है कि घटना के समय घायल अपनी बाइक जेएच 10 वाई 6565 से पहरीडीह गांव से अपने गांव बेला लौट रहे थे तभी विपरीत दिशा से आ रहे बाइक के बीच आमने सामने की टक्कर हो गयी. घटना के बाद हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस द्वारा घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचा कर इलाज के लिए भर्ती कराया और घटना की सूचना परिजनों को दी. फिलहाल सदर अस्पताल प्रबंधन ने मामले की सूचना बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दे दी है. पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गयी है.




