
Patna: बिहार बीजेपी के अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि पार्टी नीतीश कुमार से अब कभी हाथ नहीं मिलाएगी. संजय जायसवाल ने ये बयान दरगंभा में प्रदेश बीजेपी की दो दिवसीय राज्य कार्यकारिणी की बैठक में दिया. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने पिछले साल अगस्त में बीजेपी के साथ गठबंधन तोड़कर आरजेडी और कांग्रेस के साथ सरकार बनाई थी. नीतीश कुमार ने गठबंधन से अलग होते हुए बीजेपी पर उनके पूर्व सहयोगी आरसीपी सिंह की मदद से जदयू को तोड़ने का आरोप लगाया था. जदयू ने बीजेपी पर यह भी आरोप लगाया था कि उसने विधानसभा चुनाव में जदयू को नुक़सान पहुंचाने की कोशिश की थी.
इसे भी पढ़ें: IND vs NZ T20: लखनऊ में 239 गेंदों में नहीं लगा कोई छक्का, टूटा दो साल पुराना रिकॉर्ड
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ संजय जायसवाल ने कहा कि “हमने नीतीश कुमार के साथ फिर से हाथ मिलाने को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चल रही अफ़वाहों को ख़त्म करने की कोशिश की है. मुख्यमंत्री में पेंडुलम की तरह दोलन करने की प्रवृत्ति है, लेकिन हम उनके हाथों फिर से धोखा खाने वाले नहीं हैं.”
“नीतीश कुमार काफ़ी अप्रिय हैं. उनकी अलोकप्रियता की वजह से ही उनकी पार्टी जेडीयू ने 2020 के विधानसभा चुनाव में ख़राब प्रदर्शन किया था, जबकि हमारा प्रदर्शन बेहतर था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव से पहले किए गए वादे को पूरा करने का फ़ैसला कर उदारता दिखाई और नीतीश कुमार फिर से मुख्यमंत्री बने, लेकिन वह आदतन विश्वासघाती हैं.”




