
New Delhi: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन है. बदलते घटनाक्रमों में ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि वरिष्ठ नेता शशि थरूर और दिग्विजय सिंह के आज नामांकन दाखिल करने के साथ-साथ कई अन्य नेता भी अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं जिसमें सबसे बड़ा नाम राज्यसभा में पार्टी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का शामिल है. अशोक गहलोत के रेस से बाहर होने के बाद आलाकमान पार्टी के वफादार नेता मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी दांव खेल सकता है. हालांकि, अभी तक उनके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. इसके अलावा असंतुष्ट गुट से मनीष तिवारी और आनंद शर्मा का भी नाम सामने आ रहा है. अध्यक्ष पद के लिए कौन-कौन दावेदारी ठोकेगा, इसकी तस्वीर शाम तक साफ हो जाएगी.
इसे भी पढ़ें: गैंगस्टर सुशील श्रीवास्तव के बेटे को हाईकोर्ट से मिली जमानत,8 महीने बाद जेल से छूटा
दलित अध्यक्ष के लिए खड़गे के नाम की चर्चा तेज
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए दलित कार्ड खेल सकती है. किसी दलित को अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा इसलिए हो रही है ताकि केंद्र सरकार द्वारा द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाए जाने के सियासी दांव का जवाब दिया जा सके. यही कारण है कि खड़गे के नाम पर गांधी परिवार अपनी सहमति दे सकता है और मल्लिकार्जुन खड़गे आज नामांकन दाखिल कर सकते हैं. सूत्रों का कहना है कि खड़गे शुक्रवार को सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं. इस मुलाकात पर सभी की निगाहें टिकी हैं.
केसी वेणुगोपाल के घर पहुंचे दिग्विजय सिंह
थरूर दोपहर को दाखिल करेंगे नामांकन
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस के असंतुष्ट गुट में भी सुगबुगाहट नजर आ रही है. गुरूवार को राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के अध्यक्ष पद के चुनाव नहीं लड़ने के एलान के बाद असंतुष्ट गुट के नेता आनंद शर्मा ने नई दिल्ली के जोधपुर हाउस में अशोक गहलोत से मुलाकात की. यह मुलाकात गहलोत के सोनिया गांधी से हुई मुलाकात के बाद हुई जिसमें गहलोत ने बीते दिनों जयपुर में हुए घटनाक्रम पर माफी मांगी थी. अब कहा जा रहा है कि कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं का समूह जी-23 भी अपना प्रत्याशी मैदान में उतार सकता है. कांग्रेस के जी-23 खेमे के नेताओं ने गुरुवार को बैठक की. यह बैठक वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा के निवास पर हुई. इसमें मनीष तिवारी, पृथ्वीराज चव्हाण, भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कई नेता शामिल हुए. सूत्रों का कहना है कि जी-23 खेमा भी अध्यक्ष पद के चुनाव में उम्मीदवार उतार सकता है.शुक्रवार को समूह की एक और बैठक होने की संभावना है जिसमें नाम को लेकर चर्चा हो सकती है.
आज नामांकन का अंतिम दिन, शाम तक होंगे पत्ते साफ
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आज अंतिम तिथि है. शाम तक नामांकन की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी. हालांकि, कौन कौन मुकाबले में अंत तक रहेगा, इसका फैसला नाम वापसी की अंतिम तिथि 8 अक्तूबर को होगा. उम्मीदवारों की अंतिम सूची 8 अक्तूबर को शाम 5 बजे प्रकाशित की जाएगी. इसके बाद अगर जरूरत पड़ी तो मतदान 17 अक्तूबर को कराया जाएगा. इसके बाद मतों की गिनती 19 अक्तूबर को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा. अध्यक्ष पद के चुनाव में प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के 9,000 से अधिक प्रतिनिधि मतदान करेंगे.




