
Jamshedpur : उलीडीह थाना क्षेत्र के एनएच 33 स्थित वसुंधरा इस्टेट निवासी भाजपा नेता कृष्णा शर्मा उर्फ काली शर्मा की मर्सीडीज कार और जीप में देर रात आग लग गई. भाजपा नेता का कहना है कि कार और जीप में आग लगी नहीं, बल्कि लगाई गई है. इस घटना में आसपास खड़ी कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है. शर्मा ने घटना को एक अपराधिक साजिश करार दिया है. साथ ही घटना में गार्ड के संलिप्त होने की भी आशंका जताई है. आश्चर्य की बात यह है कि घटना के बाद सीसीटीवी खराब पाया गया, जो इस घटना को लेकर कई सवाल उठाता है.

आसपास की गाड़ियों को भी नुकसान, झोंपड़ी भी जली
काली शर्मा के अनुसार घटना की जानकारी शुक्रवार की सुबह उन्हें तब मिली, जब वे पार्किंग से कार निकालने पहुंचे. उनकी कार और जीप पूरी तरह से जल चुकी थी. साथ ही आसपास की आधा दर्जन से ज्यादा कारों को भी नुकसान पहुंचा है. इतना ही नहीं. पास ही कपड़ा आयरन करने वाले की झोंपड़ी भी जल गयी है. उसमें काफी कपड़े रखे हुए थे. घटना की सूचना भाजपा नेता ने तत्काल उलीडीह पुलिस को दी. उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. कृष्णा शर्मा ने बताया कि उनके फ्लैट के पीछे की ओर पार्किंग की व्यवस्था है. सुबह जब वे कार के पास पहुंचे तो देखा की कार जली हुई थी. फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सारे पहलुओं पर जांच कर रही है उसके बाद ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें – चाईबासा : लालकृष्ण आडवाणी की सुरक्षा में तैनात NSG जवान और ममरे भाई की सड़क हादसे में मौत




